बहनों का सम्मान, सशक्तिकरण और खुशहाली से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

0
Screenshot_20260828_123143

केरसई में बहनों ने मुख्यमंत्री साय को बांधी राखी, बोले- आपका सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली मेरी जिम्मेदारी

‘विष्णु भैया’ ने केरसई को दी विकास की नई सौगातें, मिनी स्टेडियम और तालाब सौंदर्यीकरण सहित कई घोषणाएं

रायपुर । रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। यहां आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पहुंचने पर क्षेत्र की बहनों ने उत्साह और आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया और उनकी कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों से संवाद करते हुए उनकी बातें सुनीं और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का भी पर्व है। प्रदेश की माताओं और बहनों का स्नेह तथा आशीर्वाद उनके लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि बहनों ने जो स्नेह और विश्वास दिया है, उसे बनाए रखना उनका दायित्व है। क्षेत्र की जनता का सिर हमेशा ऊंचा रहे और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही उनकी प्राथमिकता है। माताओं-बहनों के सम्मान, सशक्तिकरण और खुशहाली से परिवार मजबूत होगा और मजबूत परिवारों से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा।

NTPC World Environment Day

केरसई को मिली विकास की सौगात

मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्रवासियों की मांगों को स्वीकार करते हुए कई विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने घासीमुंडा में जर्जर प्राथमिक शाला के स्थान पर नया शाला भवन, केरसई तालाब का सौंदर्यीकरण, केरसई में मिनी स्टेडियम, केरसई एवं घासीमुंडा के बजरंग बली मंदिरों का जीर्णोद्धार, मुख्य मार्ग से अरुण के घर तक सीसी सड़क, ग्राम पंचायत कोहपानी के गढ़वामुड़ा यादव बस्ती में सामुदायिक भवन, घासीमुंडा में सामुदायिक भवन तथा ग्राम ऊपरकछार में महतारी सदन बनाने की घोषणा की।

केरसई में लगभग 84.69 लाख रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल, सामुदायिक भवन सहित जरूरी अधोसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की नीतियों के केंद्र में माताओं और बहनों का सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और खुशहाली है। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई शक्ति दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। महिलाएं इस राशि का उपयोग अपनी जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई तथा विभिन्न आजीविका गतिविधियों के लिए कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने ड्रोन दीदियों का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं आधुनिक तकनीक से जुड़कर आय के नए अवसर प्राप्त कर रही हैं। जशपुर जिले की बहनों को 50 ई-रिक्शा प्रदान किए जाने से उनके लिए स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई राह खुलेगी।

किसान, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के साथ सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र गरीब परिवारों के लिए पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित न रहे। इसके साथ ही श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेशवासियों को धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर दिया जा रहा है।

नक्सलवाद के समाप्त होने से विकास को मिली गति

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से प्रदेश के दूरस्थ और प्रभावित क्षेत्रों में विकास का नया वातावरण बना है। जिन क्षेत्रों में पहले विकास कार्यों में बाधा आती थी, वहां अब बिजली, पानी, सड़क, राशन और दूरसंचार जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर सरकार लगातार काम कर रही है। गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा सभी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें इसके माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना का लाभ लेने तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में सौर पैनल लगवाने का भी आग्रह किया।

जशपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में मेडिकल कॉलेज सहित एमसीएच यूनिट, फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उद्देश्य है कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़े।

‘विष्णु भैया’ के रूप में मिला बहनों का स्नेह

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने क्षेत्रवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज प्रदेश की बहनों के ‘विष्णु भैया’ हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद बहनों के बीच पहुंचकर राखी बंधवा रहे हैं और उनसे आत्मीय संवाद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगें पूरी हो रही हैं और जशपुर निरंतर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत बालिका आयुषी को पासबुक प्रदान की गई। स्वामित्व योजना के तहत कौशल्या पैंकरा, कमला बाई, लालो, ज्योति बाई और सुमेत्रा खैरवार को आवासीय पट्टे वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने सरस्वती स्व-सहायता समूह को एक लाख रुपए का चेक भी प्रदान किया और समूह की महिलाओं से संवाद कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!