सेवा संकल्प अभियान के तहत संकुल स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता संपन्न

0
IMG-20260919-WA0715

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

8 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, भाषण और चित्रकला में प्रतिभाओं ने दिखाई रचनात्मकता

बूढ़ीखार। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बूढ़ीखार में संकुल स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संकुल के अंतर्गत आने वाले 8 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच तथा अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में ग्राम पंचायत बूढ़ीखार के सरपंच दीपक लहरे, विद्यालय के प्राचार्य काशीराम रजक तथा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मिथिला थवाईत उपस्थित रहे।

NTPC World Environment Day

अलग-अलग मापदंडों पर हुआ प्रतिभागियों का मूल्यांकन

संकुल स्तर पर प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्राचार्य द्वारा निर्णायक समिति का गठन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के भाषा उच्चारण, स्पष्टता, प्रस्तुति शैली, हाव-भाव, आत्मविश्वास, विषय-वस्तु एवं अभिव्यक्ति कौशल को मूल्यांकन का आधार बनाया गया।

इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में विषय की समझ, रचनात्मकता, रंग संयोजन, कलात्मक अभिव्यक्ति, स्वच्छता तथा चित्र के प्रस्तुतीकरण के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया।

भाषण प्रतियोगिता में आराध्या और याशना ने हासिल किया प्रथम स्थान

भाषण प्रतियोगिता के पूर्व माध्यमिक स्तर में कुल 8 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसमें आराध्या टंडन, सेंट पॉल कॉन्वेंट स्कूल बकरकूदा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि भुवनेश्वरी, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बूढ़ीखार ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

उच्चतर माध्यमिक स्तर की भाषण प्रतियोगिता में याशना ने प्रथम तथा आकांक्षा आनंद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

चित्रकला में अर्पिता और अनु ने मारी बाजी

चित्रकला प्रतियोगिता में कुल 12 विद्यार्थियों ने अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूर्व माध्यमिक स्तर में अर्पिता जांगड़े, सेंट पॉल कॉन्वेंट स्कूल बकरकूदा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मानसी टंडन द्वितीय स्थान पर रहीं।

उच्चतर माध्यमिक स्तर में अनु ने प्रथम तथा उत्कर्ष जांगड़े ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

रचनात्मक गतिविधियां सर्वांगीण विकास का माध्यम : ज्वाला बंजारे

मुख्य अतिथि ज्वाला बंजारे ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। भाषण कला से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, वहीं चित्रकला उनकी रचनात्मक सोच एवं कल्पनाशक्ति को नई दिशा प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ ऐसे रचनात्मक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

कार्यक्रम का सफल संचालन कल्पना टंडन एवं रूपेंद्र महिलागे द्वारा किया गया। इस अवसर पर संकुल समन्वयक विश्वजीत राय, बालमुकुंद वैष्णव, दीपक गुप्ता सहित संकुल के सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं पालकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!