रायपुर रोजगार मेले में 215 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

0
IMG-20260919-WA0641

युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत : तोखन साहू
20वें रोजगार मेले में 125 अभ्यर्थी प्रत्यक्ष और 90 वर्चुअल माध्यम से हुए शामिल

रायपुर। युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा आयोजित 20वें रोजगार मेले का आयोजन रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, साइंस कॉलेज परिसर में किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने विभिन्न केंद्रीय विभागों एवं सरकारी संगठनों में नव-नियुक्त 215 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के नव-नियुक्त युवाओं को संबोधित किया।

20वें रोजगार मेले के तहत देशभर में एक साथ 45 स्थानों पर 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों एवं सरकारी संगठनों में रोजगार मेले के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं की संख्या लगभग 12.75 लाख तक पहुंच गई है।

NTPC World Environment Day

नियुक्ति पत्र रोजगार के साथ जनसेवा की जिम्मेदारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नव-नियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि रोजगार मेला युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जनसेवा और राष्ट्रसेवा की जिम्मेदारी संभालने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मिशन मोड में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। युवाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न मंत्रालयों, विभागों एवं सरकारी संगठनों में नियुक्तियां की जा रही हैं।

इन विभागों में हुई नियुक्तियां

रायपुर में आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न केंद्रीय विभागों और संस्थानों में नियुक्ति पाने वाले युवा शामिल हुए। इनमें आयकर विभाग, डाक विभाग, रेलवे, भारतीय सर्वेक्षण विभाग, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और एम्स रायपुर सहित अन्य संस्थान शामिल रहे।

रायपुर कार्यक्रम में कुल 215 नव-नियुक्त युवा शामिल हुए। इनमें 125 अभ्यर्थी कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि 90 अभ्यर्थियों ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।

सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार पर भी जोर

केंद्रीय राज्य मंत्री ने युवाओं से कहा कि उनकी संभावनाएं केवल सरकारी रोजगार तक सीमित नहीं हैं। युवा स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और आधुनिक तकनीक से जुड़े अवसरों का भी लाभ उठाएं। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, पीएम विश्वकर्मा और पीएम स्वनिधि जैसी पहल युवाओं, उद्यमियों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों के लिए आर्थिक अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही हैं।

उन्होंने युवाओं से बदलते तकनीकी परिवेश के अनुरूप अपने कौशल को लगातार विकसित करने और नए अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

नागरिकों को बेहतर सेवा देने की अपील

तोखन साहू ने नव-नियुक्त युवाओं से कहा कि सरकारी सेवा में आने के बाद कार्यस्थल पर ईमानदारी, संवेदनशीलता और कार्यकुशलता को प्राथमिकता दें। उन्होंने नई तकनीक का उपयोग करते हुए नागरिकों को बेहतर, सुगम और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा का वास्तविक उद्देश्य जनकल्याण है। प्रत्येक कर्मचारी की कार्यशैली का सीधा प्रभाव आम नागरिकों पर पड़ता है। इसलिए नव-नियुक्त युवाओं को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।

विकसित भारत में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। सेवा, कर्तव्य और राष्ट्रहित की भावना के साथ काम करते हुए युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने नव-नियुक्त युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति के साथ उनके जीवन में एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत हुई है। युवा अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और सकारात्मक सोच के माध्यम से न केवल अपने विभाग को मजबूत करें, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!