कांग्रेस में अंतर्कलह! सड़क निर्माण के लिए भूख हड़ताल करने जा रहे जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत को दबाने की कोशिश, पीछे बड़े नेता का हाथ?
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
मस्तूरी । क्षेत्र की जर्जर सड़कों – लावर से गिधपुरी, केवतरा से चिल्हाटी और बकरकुदा से मटिया पहुँच मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत द्वारा 2 नवंबर को लावर मोड़ में भूख हड़ताल पर बैठने के ऐलान के बाद अब कांग्रेस के अंदर ही घमासान मच गया है।

इसी बीच कांग्रेस के ही जनपद सदस्य एवं युवा कांग्रेस नेता देवेंद्र कृष्णन ने दामोदर कांत के इस कदम को “सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास” बताया है।

देवेंद्र कृष्णन का कहना है कि लावर से कोनी, बकरकुदा से गिधपुरी तथा पचपेड़ी से केवतरा मार्ग को लेकर करीब एक वर्ष पहले चक्काजाम किया गया था और सड़कें जल्द ही पास हो जाएंगी, इसलिए दोबारा भूख हड़ताल का कोई औचित्य नहीं है।
अच्छी पहल को दबाने की कोशिश – समर्थकों में आक्रोश
वहीं दूसरी तरफ दामोदर कांत के समर्थकों और क्षेत्र के ग्रामीणों में इस बयान को लेकर भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब एक जनप्रतिनिधि जनता की मूलभूत समस्या सड़क के लिए लड़ाई लड़ रहा है, तो उसी की पार्टी के दूसरे जनप्रतिनिधि द्वारा उसकी टांग खींचना और उसकी कार्यशैली पर सवाल उठाना कहीं न कहीं अच्छी पहल को दबाने की कोशिश है।
क्षेत्र में चर्चा जोरों पर है कि देवेंद्र कृष्णन अकेले नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी के किसी बड़े नेता के इशारे पर दामोदर कांत को दबाने और उनके बढ़ते जनाधार को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। क्योंकि दामोदर कांत लगातार जनहित के मुद्दों पर मुखर रहे हैं और ग्रामीणों के बीच उनकी सक्रियता बढ़ी है।
सूत्रों की मानें तो मस्तूरी में कांग्रेस के अंदर दो गुटों में बंटवारा साफ नजर आ रहा है। एक गुट जो सड़क जैसे जमीनी मुद्दे पर जनता के साथ खड़ा है, और दूसरा गुट जो उसे सस्ती लोकप्रियता बताकर ध्यान भटकाने में लगा है।
अब देखना यह होगा कि 2 नवंबर को होने वाली भूख हड़ताल से पहले कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस अंदरूनी खींचतान पर क्या रुख अपनाता है, या फिर जर्जर सड़कों का मुद्दा भी आपसी राजनीति की भेंट चढ़ जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
