अमरकंटक रेल कॉरिडोर को मिलेगी नई गति,विधायक मरकाम ने रेल मंत्री से मांगी FLS सर्वे की शीघ्र स्वीकृति
पेंड्रारोड–अमरकंटक–डिंडोरी–मंडला रेल परियोजना को लेकर बढ़ी उम्मीदें ,
आदिवासी अंचल और पर्यटन क्षेत्र को मिल सकता है नया विकास मार्ग

संवाददाता / श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक सहित मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचलों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की वर्षों पुरानी मांग को एक बार फिर नई गति मिली है । डिंडोरी विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमकार सिंह मरकाम ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर प्रस्तावित पेंड्रारोड–अमरकंटक–डिंडोरी–मंडला–घंसौर–लखनादौन–गोटेगांव/श्रीधाम रेल कॉरिडोर के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) की शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया है ।
विधायक मरकाम ने अपने पत्र में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को नर्मदा-विंध्य रेल कॉरिडोर बताते हुए कहा है कि यह मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है । रेल संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र में शिक्षा , स्वास्थ्य , पर्यटन , व्यापार और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावना है ।
अमरकंटक देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है , जहां प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु और पर्यटक मां नर्मदा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं । वर्तमान में यहां तक पहुंचने के लिए मुख्य रूप से सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है । ऐसे में प्रस्तावित रेल लाइन को क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण आवश्यकता माना जा रहा है ।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे , बिलासपुर द्वारा इस प्रस्ताव को उपयोगी मानते हुए आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित विभाग को अग्रेषित किया जा चुका है । इसे परियोजना के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है ।
विधायक मरकाम ने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि फाइनल लोकेशन सर्वे को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं , जिससे परियोजना की दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित हो सके । इस पहल की जानकारी सामने आने के बाद अमरकंटक , डिंडोरी और आसपास के क्षेत्रों में रेल संपर्क को लेकर नई उम्मीदें जागृत हुई हैं । स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह परियोजना भविष्य में धार्मिक पर्यटन , क्षेत्रीय विकास और आदिवासी अंचल की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है ।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
