उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 175 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
शहर को पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना और अमृत मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यों की मिली बड़ी सौगात
विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ की घोषणा
नगरीय निकायों के विकास के लिए राशि की कमी नहीं होगी – अरुण साव
बिलासपुर । उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज सरायपाली के नई मंडी प्रांगण में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र के लिए 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 154 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना और अमृत मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली।
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक चातुरी नंद, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान और छत्तीसगढ़ शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक भी शामिल हुए।

24 गांवों में पेयजल सुविधा से जुड़े कार्यों का लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जल जीवन मिशन अंतर्गत रेट्रो फिटिंग एवं एकल ग्राम योजना के कुल 24 ग्रामों में पेयजल सुविधा के लिए 1818.61 लाख रुपये के कार्यों तथा 510 लाख रुपये के विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवनों एवं अन्य निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।

उन्होंने एसटीपी निर्माण से संबंधित 10.21 करोड़ रुपये तथा जल प्रदाय अमृत मिशन 2.0 अंतर्गत 139.55 करोड़ रुपए के विकास कार्यों एवं 512 लाख रुपये के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से सरायपाली क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं को विस्तार मिलने की उम्मीद है। अमृत मिशन 2.0 के तहत प्रस्तावित कार्यों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात के रूप में बताया गया।
बारिश के बीच विकास कार्यों का शुभारंभ
लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कोई भी शुभ कार्य होता है तो इंद्रदेव का आशीर्वाद मिलता है। आज वर्षा के रूप में भी हमें आशीर्वाद मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जिस कार्य का भूमिपूजन करती है, उसका लोकार्पण भी हमारी ही सरकार करती है। विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा कर जनता को उसका लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
ढाई वर्ष में लोक निर्माण विभाग ने किए 12,666 करोड़ के कार्य
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के माथे पर नक्सलवाद का कलंक था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा ढाई वर्ष में लगभग 12 हजार 666 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ अब सरायपाली का विकास भी तीव्र गति से हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन की सरकार में लगातार विकास के काम हो रहे हैं। देश की दशा और दिशा बदलने का काम हमारी डबल इंजन की सरकार कर रही है।
सरायपाली के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरायपाली के विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने सांसद की मांग पर क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में नागरिक सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास के लिए सरकार द्वारा आवश्यकतानुसार संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
रेल लाइन के सर्वे का काम शुरू
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल लाइन की मांग की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है और अब सर्वे का कार्य शुरू हो गया है।
महानदी का पानी घर-घर पहुंचने की उम्मीद
विधायक चातुरी नंद ने अमृत मिशन 2.0 की स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह केवल पानी की योजना नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सौगात है।
उन्होंने कहा कि महानदी का पानी जब घर-घर पहुंचेगा, तो इसका लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिलेगा। विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित इस कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र, उपाध्यक्ष हेमंत प्रधान और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में स्वीकृत विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के साथ नागरिकों को पेयजल, सामुदायिक भवन, एसटीपी, अमृत मिशन 2.0 एवं विभिन्न अधोसंरचना कार्यों की सौगात मिली।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
