रायगढ़ में 17.9 टन अवैध कबाड़ जब्त, दो माजदा वाहन सहित 26.26 लाख की संपत्ति पर कार्रवाई

0
IMG-20261004-WA0546

ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई, वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके दोनों वाहन चालक; कबाड़ परिवहन पर पुलिस की सख्ती जारी

रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और खरीदी-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात के पास पुलिस ने दो माजदा वाहनों से करीब 17 टन 900 किलोग्राम कबाड़ जब्त किया है। जब्त कबाड़ और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 26 लाख 26 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों वाहन चालक कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़े गए वाहन

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन एवं अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है।

इसी दौरान 2 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि दो माजदा वाहनों के माध्यम से अवैध रूप से कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम देलारी में रायगढ़ इस्पात के पास घेराबंदी की और संदिग्ध दोनों वाहनों को रोककर जांच शुरू की।

NTPC World Environment Day

दोनों वाहनों से मिला 17 टन 900 किलो स्क्रैप

जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG07CC0311 में विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन के पुराने पार्ट्स से संबंधित करीब 9 टन 690 किलोग्राम स्क्रैप बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 39 हजार 150 रुपए बताई गई है। वाहन चालक की पहचान लालमणी गणतिया, निवासी बलांगिर, ओडिशा के रूप में हुई।

वहीं, दूसरे वाहन क्रमांक OD31G8488 की तलाशी में भी विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स का करीब 8 टन 210 किलोग्राम स्क्रैप बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 87 हजार 350 रुपए आंकी गई है। इस वाहन को मो. अपरार, निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश चला रहा था।

दस्तावेज नहीं दिखाने पर जब्त किए वाहन

पुलिस के मुताबिक, कबाड़ के संबंध में पूछताछ किए जाने पर दोनों वाहन चालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके साथ ही वे कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों में लदे कुल 17 टन 900 किलोग्राम स्क्रैप को जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान करीब 6 लाख 26 हजार 500 रुपए कीमत का कबाड़ तथा लगभग 20 लाख रुपए अनुमानित कीमत के दोनों माजदा वाहन जब्त किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 26 लाख 26 हजार 500 रुपए की संपत्ति की जब्ती की है।

दोनों वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई

पूंजीपथरा पुलिस ने इस मामले में दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 50/2026 एवं 51/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस द्वारा जब्त कबाड़ के परिवहन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। कार्रवाई को जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर नियंत्रण की दिशा में पुलिस की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर जारी रहेगी कार्रवाई : एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और खरीदी-बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई से कबाड़ के अवैध परिवहन पर पुलिस की निगरानी और सख्ती का संदेश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!