सेवा संकल्प अभियान से गांवों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं
भेलवाडीह में मेगा स्वास्थ्य शिविर और सेमली में जन समस्या समाधान शिविर आयोजित
आयुष्मान कार्ड, वय वंदना योजना, जांच और दवा वितरण की मिली सुविधा

रायपुर । सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बलरामपुर जिले में दो शिविर आयोजित किए गए। ग्राम भेलवाडीह में ग्राम पंचायत भवन परिसर में मेगा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जबकि क्लस्टर ग्राम सेमली (ओबरी) में जन समस्या समाधान शिविर आयोजित हुआ। दोनों शिविरों में कुल 225 मरीजों की ओपीडी हुई और उन्हें स्वास्थ्य जांच, परामर्श तथा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

आयोजित शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न सेवाओं और योजनाओं की जानकारी दी। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज कुमार टोप्पो और बीईटीओ श्री अजीत गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविरों में बाल एवं वृद्धजन देखभाल, वय वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड पंजीयन एवं जन औषधि केंद्र से दवा वितरण सहित स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े स्टॉल लगाए गए। टीबी मुक्त भारत अभियान के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उनके गांव के निकट उपलब्ध कराई गईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने शिविरों के स्टॉलों और मेगा स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने और शिविर में उपलब्ध सेवाओं को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जन-मन मोबाइल मेडिकल यूनिट का भी निरीक्षण कर लैब जांच की व्यवस्था और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली।
भेलवाडीह के मेगा स्वास्थ्य शिविर में 98 मरीजों की ओपीडी हुई। यहां 45 मरीजों की रैंडम ब्लड शुगर, 11 की हीमोग्लोबिन और 3 की मलेरिया जांच की गई। दो मरीजों की सीबीसी जांच के साथ आरएफटी और एलएफटी की एक-एक जांच भी की गई। टीबी जांच के लिए पांच खखार नमूने एकत्र किए गए।
सेमली शिविर में 127 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। यहां 35 लोगों की मधुमेह, 40 की रक्तचाप और 4 की हीमोग्लोबिन जांच की गई। शिविर में आयुष मिशन के अंतर्गत डॉ. हसन और उनकी टीम के साथ सीएचओ, आरएचओ, एमटी तथा मितानिनें उपस्थित रहीं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
