गैंदपुर में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन
रिपोर्टर 🖋️ कमलेश सिंह, ब्यूरो कवर्धा
19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण हुए शामिल, विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ; 51 आवेदन प्राप्त
कवर्धा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड सहसपुर लोहारा के ग्राम गैंदपुर में क्लस्टर स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने सहभागिता की। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ एवं स्वीकृति संबंधी दस्तावेज प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंडरिया विधायक भावना बोहरा उपस्थित रहीं। जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, राघवेंद्र वर्मा, नरेश साहू, राजेंद्र साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष दुर्गा सिंह, बसंत शर्मा, राजेश कौशिक सहित 19 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।


योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना उद्देश्य
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं को ग्रामीणों तक सीधे पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल रही है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय अधिकारी-कर्मचारी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें। ग्रामीणों से भी उन्होंने अपील की कि वे शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं तथा अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराएं।
आवास से लेकर राशन कार्ड तक मिला लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं स्वीकृति संबंधी दस्तावेज वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 5 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं 5 हितग्राहियों को राशन कार्ड तथा 4 हितग्राहियों को जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
बैंक लिंकेज के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को ऋण वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 3 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट प्रदान की गई। इसके साथ ही 2 हितग्राहियों की गोद भराई तथा 2 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। विभाग की एक सुपरवाइजर को सम्मान प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।
आयुष्मान, श्रम कार्ड और पेंशन की मिली स्वीकृति
शिविर में स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं का भी लाभ ग्रामीणों को मिला। 2 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, श्रम विभाग की ओर से 2 हितग्राहियों को श्रम कार्ड, जबकि राजस्व विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को डुप्लीकेट ऋण पुस्तिका प्रदान की गई।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 3 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
शिविर में 51 आवेदन, शिकायत का एक भी आवेदन नहीं
‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं शिकायत से संबंधित कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
शिविर में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवकुमार साहू, तहसीलदार विवेक गोहिया, तांजय नागेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर शासन की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ उपलब्ध कराया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
