रायपुर में ज्वेलरी कारोबारी से 1.88 करोड़ के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की धोखाधड़ी, महिला गिरफ्तार

0
IMG-20261013-WA0641

नगर निगम में नौकरी करने का झांसा देकर जीता भरोसा, गलत हस्ताक्षर वाले चेक थमाकर ले गईं करोड़ों के जेवर

दूसरी महिला आरोपी फरार, एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से करीब 1 करोड़ 88 लाख 37 हजार रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाओं ने नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत होने का झांसा देकर ज्वेलरी कारोबारी का विश्वास जीता और बड़ी मात्रा में आभूषण लेकर भुगतान के नाम पर चेक थमा दिए। चेक बैंक में जमा करने पर गलत हस्ताक्षर के कारण अनादरित हो गया। मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी किरण साहू को गिरफ्तार किया है, जबकि उसकी दूसरी साथी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

NTPC World Environment Day

पहले 37 लाख के आभूषण लिए, फिर दो दिन बाद पहुंचीं

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की सदर बाजार में विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन नाम से दुकान है। प्रार्थी ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 अगस्त 2026 को किरण साहू अपनी एक महिला साथी के साथ दुकान पहुंची थी। दोनों ने स्वयं को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर कारोबारी का विश्वास हासिल किया।

इसके बाद दोनों ने दुकान से लगभग 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके एवज में 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक दिया गया।

1.73 करोड़ के आभूषण लेकर दिया दूसरा चेक

आरोप है कि 26 अगस्त 2026 को दोनों महिलाएं दोबारा दुकान पहुंचीं और करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषण ले गईं। इसके भुगतान के लिए उन्होंने 1,73,37,630 रुपये का दूसरा चेक दिया। साथ ही दो-तीन दिनों के भीतर सोने के बिस्कुट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

इसके बाद कारोबारी ने 1 सितंबर 2026 को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया, लेकिन गलत हस्ताक्षर होने के कारण चेक अनादरित हो गया। जब उसने महिलाओं से संपर्क कर भुगतान की मांग की, तो किरण साहू कथित तौर पर टालमटोल करने लगी। न तो बकाया राशि का भुगतान किया गया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया गया। इस तरह कारोबारी के साथ कुल 1,88,37,630 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई।

संयुक्त टीम ने आरोपी को पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी किरण साहू को पकड़ लिया गया।

दूसरी आरोपी की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान किरण साहू ने अपनी साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब धोखाधड़ी से प्राप्त आभूषणों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। प्रकरण में शामिल दूसरी महिला आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 402/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।

गिरफ्तार आरोपी: किरण साहू, उम्र 28 वर्ष, पति गोपाल साहू, निवासी मजदूर नगर, सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!