मेहनत, लगन और समर्पण से मिलती है सफलता – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री ने कवर्धा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का किया भव्य शुभारंभ
प्रदेश के पांचों जोन के 440 खिलाड़ी वॉलीबाल, सॉफ्टबाल और हैंडबाल में दिखाएंगे दमखम

13 से 16 अक्टूबर तक चलेगी चार दिवसीय प्रतियोगिता

रायपुर । खेल भावना, अनुशासन और उत्साह के बीच कबीरधाम जिले में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का आज भव्य शुभारंभ हुआ। कबीरधाम जिले के स्वामी करपात्री जी स्टेडियम, कवर्धा में आयोजित समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान ध्वज फहराया गया और विभिन्न जोनों से आए खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर खेल भावना, एकता और अनुशासन का परिचय दिया। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल खेलिए और पूरे उत्साह के साथ खेलिए। हार और जीत हमेशा हमारे हाथ में नहीं होती, इसलिए परिणाम की चिंता करने के बजाय अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए। खिलाड़ियों का प्रदर्शन ऐसा होना चाहिए कि दर्शक खेल देखकर तालियां बजाने लगें और कहें कि क्या शानदार खेल दिखाया है। यही खेल का असली आनंद और सच्ची खेल भावना है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनत सफलता दिलाती है और सफलता से सम्मान मिलता है। जब आप सफल होते हैं, तो दुनिया आपकी प्रतिभा को पहचानती है। सफलता का कोई अलग मंत्र नहीं है। इसके लिए जरूरी है कि खिलाड़ी अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ जुटे रहें।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि जीत-हार के पीछे परेशान होने के बजाय अच्छे खेल के लिए मेहनत करनी चाहिए और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पांचों जोन से आए सभी युवा खिलाड़ियों का वे हृदय से स्वागत करते हैं। बस्तर के दूरस्थ अंचलों, अबूझमाड़, सुकमा और बीजापुर से आए खिलाड़ियों से मिलकर उन्हें विशेष खुशी हुई। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा अब नक्सलवाद के दंश को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने और पूरे देश में अपनी प्रतिभा से पहचान बनाने के लिए तैयार हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल तथा जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, विजय पटेल, संतोष पटेल, मनीराम, लोकचंद साहू, उमंग पांडेय, जिला शिक्षा अधिकारी एफ आर वर्मा सहित तमाम खिलाड़ी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रदेश के पांचों जोन के 440 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग, जिला कबीरधाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह चार दिवसीय प्रतियोगिता 13 से 16 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें प्रदेश के बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर, रायपुर और दुर्ग जोन के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में बालक वर्ग से 220 और बालिका वर्ग से 220 खिलाड़ी शामिल हैं। इस प्रकार कुल 440 प्रतिभागी एवं अधिकारी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।

वॉलीबाल, सॉफ्टबाल और हैंडबाल में दिखाएंगे प्रतिभा
प्रतियोगिता में 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की वॉलीबाल तथा 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की सॉफ्टबाल और हैंडबाल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। चार दिनों तक चलने वाली इन स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और टीम भावना का बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
