गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल होने पर किसानों में उत्साह एवं खुशी, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को शक्कर की बोरियों से तौलकर जताया आभार
किसान संघों ने किया स्वागत, किसानों ने कवर्धा विधायक शर्मा का गन्ना भेंटकर किया भव्य अभिनंदन
गन्ना उत्पादक किसानों ने कहा- मूल्य वृद्धि से बढ़ेगी आय, खेती को मिलेगी नई मजबूती

रायपुर । सरकार द्वारा गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने पर कबीरधाम जिले के गन्ना उत्पादक किसानों में अभूतपूर्व उत्साह एवं खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के किसान हितैषी निर्णय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आज कवर्धा में किसान संघों के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। किसानों ने उन्हें गन्ना भेंटकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान किसानों ने उप मुख्यमंत्री शर्मा को शक्कर की बोरियों से तौलकर उनका अनोखा और विशेष अभिनंदन किया।

कवर्धा में जिला पंचायत कार्यालय और विधायक कार्यालय के पास किसान संघों के पदाधिकारियों एवं किसानों ने गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल होने पर गहरी खुशी जताते हुए आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि गन्ने का मूल्य बढ़ने से जिले के हजारों गन्ना उत्पादक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे खेती की बढ़ती लागत की भरपाई करने में बड़ी सहायता मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिला गन्ना उत्पादन के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल है, ऐसे में गन्ने का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल प्राप्त होगा तथा गन्ने की खेती को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

किसानों की समृद्धि और खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों के स्नेह और आत्मीय अभिनंदन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि और खुशहाली राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि किसान हमारे असली अन्नदाता हैं और उनकी मेहनत से ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और खेती-किसानी से जुड़े परिवार आर्थिक रूप से पूरी तरह सशक्त बनें, इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसानों के हितों की रक्षा और उनकी हर संभव समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहेंगे।

किसानों ने मुख्यमंत्री और सरकार के प्रति जताया धन्यवाद
कार्यक्रम के दौरान किसानों और विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री शर्मा का अभिनंदन करते हुए कहा कि गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल होना गन्ना उत्पादक किसानों के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। किसानों ने इस ऐतिहासिक निर्णय पर अपनी गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पूरी सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
