दुर्घटना के बाद राहत कार्य में देरी पर एनएचएआई ने एजेंसी पर लगाई 10 लाख की पेनाल्टी
रायपुर । राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-अंबिकापुर खंड में दुर्घटना प्रबंधन में भारी लापरवाही बरतने पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने संबंधित एजेंसी मेसर्स रविंद्र सिंह पर 10 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाई है। विगत 12 अक्टूबर को सुबह करीब 3 बजे चोटिया टोल प्लाजा के पास दो ट्रक-ट्रेलरों की आपस में भिड़ंत हो गई थी, जिसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को समय पर न हटाने के कारण मार्ग लंबे समय तक बाधित रहा था।
जांच में सामने आई गंभीर लापरवाहियां
इस घटना की जांच में यह बात सामने आई कि दुर्घटना के दौरान एजेंसी का परियोजना प्रबंधक मौके पर मौजूद नहीं था। इसके अलावा, क्रेन ऑपरेटर की अनुपलब्धता और रिकवरी उपकरणों के लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध न होने के कारण राहत और बचाव कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हुआ।

अधिकारियों द्वारा 1033 हेल्पलाइन पर बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर आवश्यक सहायता नहीं मिल सकी। एनएचएआई ने इसे दुर्घटना प्रबंधन और हाईवे पेट्रोलिंग के निर्धारित सुरक्षा मानकों का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए संबंधित एजेंसी पर यह सख्त कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
