छत्तीसगढ़ बनेगा देश का नया फिल्म हब

0
IMG-20261104-WA0530

छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने पर जोर

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक, पर्यटन और रोजगार के खुलेंगे नए द्वार

रायपुर । छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण (फिल्म शूटिंग) को प्रोत्साहित करने और पर्यटन के बहुमुखी विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख और अत्यधिक लोकप्रिय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना है।

NTPC World Environment Day

प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा वैश्विक मंच

मुख्य सचिव विकासशील ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में सिनेमैटिक और प्राकृतिक दृश्यों की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। राज्य के अनछुए प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थलों को देश-विदेश के बड़े फिल्म निर्माताओं के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की महती आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेशभर में फिल्म शूटिंग के लिहाज से उपयुक्त और अपार संभावनाशील नए लोकेशनों की पहचान की जाए और उन्हें तेजी से विकसित व प्रोत्साहित किया जाए।

फिल्म नीति का नवीनीकरण और ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ पर विशेष जोर

गहन चर्चा के दौरान राज्य की मौजूदा फिल्म नीति को और अधिक व्यावहारिक, आकर्षक व प्रभावी बनाने पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही, बहुप्रतीक्षित ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के प्रस्ताव और उसकी संभावनाओं को शीघ्र मूर्त रूप देने को लेकर भी विस्तृत मंथन हुआ। सरकार का मुख्य उद्देश्य फिल्म मेकर्स के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस और शूटिंग की पूरी प्रक्रियाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी तथा सुलभ बनाना है, जिससे अधिक से अधिक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रोडक्शन हाउस छत्तीसगढ़ का रुख करें।

स्थानीय युवाओं और कलाकारों के लिए सृजित होंगे रोजगार के नए अवसर

मुख्य सचिव ने इस बात पर विशेष बल दिया कि राज्य में फिल्म निर्माण गतिविधियों के बढ़ने से न केवल पर्यटन क्षेत्र को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा, बल्कि इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, लॉजिस्टिक्स, होटल एवं ट्रांसपोर्ट उद्योग तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए और सुनहरे अवसर सृजित होंगे। इसके अतिरिक्त, बैठक में निफ्टेम (NIFTEM) के प्रस्तावित भ्रमण तथा खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) के क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस उच्चस्तरीय बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!