झाड़-फूंक से शादी और बीमारी ठीक करने का झांसा, महिला से दुष्कर्म; दो आरोपी गिरफ्तार
घरघोड़ा में पूजा-पाठ के बहाने नींद की दवा पिलाकर वारदात को दिया अंजाम, पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये वसूलने का भी आरोप
रायगढ़। जिले में अंधविश्वास, झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर महिला का शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। शादी में आ रही बाधाओं को दूर करने और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला को घरघोड़ा बुलाया गया। आरोप है कि पूजा-पाठ के दौरान अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाकर उसे बेहोश किया गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं, पूजा-पाठ, बीमारी का उपचार और बिजनेस में काम दिलाने के नाम पर पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये वसूलने का भी आरोप है। मामले में घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला अंधविश्वास की आड़ में महिला के शारीरिक एवं आर्थिक शोषण से जुड़ा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

परिचित महिला के माध्यम से आरोपी से हुआ संपर्क
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय अविवाहित महिला निवासी लैलूंगा ने 5 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली रायगढ़ में आवेदन देकर अपने साथ हुए शारीरिक शोषण एवं आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। घटना का मूल स्थान घरघोड़ा थाना क्षेत्र होने के कारण प्रकरण को उसी दिन थाना घरघोड़ा स्थानांतरित कर असल अपराध कायम किया गया। इसके बाद पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसे चंद्र कुमार जायसवाल के बारे में जानकारी मिली थी। बताया गया था कि आरोपी हाथ देखकर भविष्य बताता है तथा झाड़-फूंक और दवा के माध्यम से विभिन्न बीमारियों का उपचार करता है। इसके बाद पीड़िता ने मोबाइल के माध्यम से आरोपी से संपर्क किया और अपनी शारीरिक परेशानी, शरीर में दर्द तथा विवाह नहीं हो पाने की समस्या बताई।
आरोपी ने झाड़-फूंक एवं पूजा-पाठ के माध्यम से बीमारी ठीक करने और विवाह में आ रही बाधाओं को दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार बातचीत होने लगी।
पूजा-पाठ के बहाने घरघोड़ा बुलाया
पुलिस के मुताबिक, 8 मार्च 2026 को आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल ने इलाज और पूजा-पाठ करने के बहाने पीड़िता को रायगढ़ रोड स्थित घरघोड़ा के अपने किराये के मकान में बुलाया। पीड़िता बस से घरघोड़ा पहुंची, जहां आरोपी उसे बाइक से अपने किराये के मकान में ले गया।
मकान में पहले से एक महिला मौजूद थी, जिसे आरोपी ने गायत्री महंत बताते हुए पूजा-पाठ करने वाली महिला बताया। गायत्री ने पीड़िता से उसकी समस्याओं के बारे में पूछताछ की और पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी एवं लड्डू मंगवाए। सामग्री उपलब्ध कराने के बाद पीड़िता को नहाकर गीले वस्त्रों में पूजा स्थल पर आने के लिए कहा गया।
पीड़िता के अनुसार, महिला सहयोगी ने भरोसा दिलाया कि वह स्वयं महिला है और पूजा के दौरान मौजूद रहेगी, इसलिए उसे संकोच करने की आवश्यकता नहीं है।
अभिमंत्रित जल बताकर पिलाया दवा मिला पानी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पूजा स्थल पर पहुंचने के कुछ देर बाद चंद्र कुमार जायसवाल आया और पूजा-पाठ तथा हवन करने लगा। इसी दौरान उसने अभिमंत्रित जल बताकर पीड़िता को पानी पीने के लिए दिया। पानी पीने के कुछ देर बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि इसी बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। होश आने पर जब उसने आरोपी का विरोध किया, तो आरोपी ने विवाह में आ रही बाधाओं को दूर करने और शरीर की समस्या ठीक करने के नाम पर अपनी करतूत को उचित ठहराने का प्रयास किया।
पूजा-पाठ और बिजनेस के नाम पर करीब 6 लाख रुपये लेने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी और उसकी महिला सहयोगी ने पूजा-पाठ एवं हवन के नाम पर पहले 4 हजार रुपये और फिर 12 हजार रुपये लिए। इसके बाद बिजनेस वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर उससे और रकम वसूली गई।
इस तरह अलग-अलग बहानों से पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये लेने का आरोप है। जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपियों द्वारा उसे डराने-धमकाने की बात भी सामने आई है।
पूर्व प्रेम संबंध में थे दोनों आरोपी, मिलकर बनाई योजना
मामले की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस की पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी पूर्व में प्रेम संबंध में थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर पीड़िता को झाड़-फूंक के बहाने घरघोड़ा बुलाने तथा पूजा-पाठ के दौरान नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश करने की योजना बनाई थी। इसके बाद मुख्य आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 61(2), 49, 123 एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 8 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
अंधविश्वास में न आएं, पुलिस को दें सूचना: एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:
- चंद्र कुमार जायसवाल, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम टांडीपार, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, वर्तमान निवास लैलूंगा, जिला रायगढ़।
- गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम गेरसा सुकवासीपारा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।
पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
