मुंगेली में धूमधाम से मनाया गया धनी धर्मदास साहब का प्रकट उत्सव, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा कबीर पंथ समाज

0
IMG-20261127-WA0935

भजन, प्रवचन और चौका आरती से भक्तिमय हुआ माहौल, हजारों श्रद्धालुओं ने नगर भ्रमण कर लगाए सतगुरु के जयकारे

गुरु गोसाई परिवारों का हुआ सम्मान, कबीर कुटी में पूजा-अर्चना के बाद भंडारा प्रसाद का आयोजन

मुंगेली। विश्व वंदनीय सतगुरु कबीर साहब के परम शिष्य धनी धर्मदास साहब का प्रकट उत्सव मुंगेली में बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर कबीर पंथ समाज के अनुयायियों, गुरु गोसाई परिवारों, महंतों और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रही। पंथ प्रकाशमुनि नाम साहब के आशीर्वाद एवं पंथ उदितमुनि नाम साहब की प्रेरणा से आयोजित इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में भजन, प्रवचन, चौका आरती और भव्य शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का आयोजन देव प्लाजा के समीप विशाल टेंट और आकर्षक मंच की व्यवस्था के साथ किया गया था। उत्सव की शुरुआत निशान पूजा, दीप प्रज्वलन, आरती और मंगल ध्वनि के साथ हुई। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचे गुरु गोसाई परिवार, आमीन मंडली, महंतजन एवं कबीर पंथ के अनुयायियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

गुरु माताओं की भजन प्रस्तुति ने किया भावविभोर

कार्यक्रम के दौरान मंचासीन गुरु गोसाई परिवारों की गुरु माताओं ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी मधुर भजन प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया। उपस्थित श्रद्धालु भक्ति और श्रद्धा में भावविभोर नजर आए। इसके बाद मुंगेली के सुफल गुरु गोसाई ने धनी धर्मदास साहब के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने धनी धर्मदास साहब के प्राकट्य से लेकर सतगुरु कबीर साहब से दीक्षा प्राप्त करने तथा अपनी 56 करोड़ की संपत्ति दान में समर्पित करने तक के प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार धनी धर्मदास साहब ने त्याग, समर्पण, भक्ति और सेवा के माध्यम से कबीर साहब की शिक्षाओं को आत्मसात किया। उनके जीवन प्रसंगों को श्रद्धालुओं ने पूरी तन्मयता और भक्तिभाव के साथ सुना।

गुरु गोसाई एवं गुरु माताओं का किया सम्मान

इस अवसर पर कबीर पंथ समाज जिला मुंगेली के अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमेन्द्र गुरु गोस्वामी ने मंचासीन गुरु गोसाईजनों को श्रीफल एवं वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। वहीं गुरु माताओं को साड़ी भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इस सम्मान समारोह के माध्यम से गुरु परिवारों के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया गया।

कार्यक्रम में सद्गुरु कबीर धनी धर्मदास शाखा वंश गुरु गोसाई जनकल्याण समिति के पदाधिकारी एवं सलाहकार भी उपस्थित रहे। इनमें सलाहकार त्रिभुवन गुरु गोसाई, डाकवर गुरु गोसाई, लालदास गुरु गोसाई एवं टकेश्वर गुरु गोसाई सहित प्रदेश अध्यक्ष क्षत्रपाल गुरु गोसाई, उपाध्यक्ष कुशाल गुरु गोसाई, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर गुरु गोसाई, सचिव कुलदीप गुरु गोसाई, कोषाध्यक्ष लीलांस गुरु गोसाई, मीडिया प्रभारी भास्कर गुरु गोसाई, प्रभाष गुरु गोसाई एवं प्रशांत गुरु गोसाई सहित अनेक पदाधिकारी शामिल रहे।

हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी से निकली भव्य शोभायात्रा

धार्मिक कार्यक्रम के पश्चात धनी धर्मदास साहब के प्रकट उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें संत-महंत, गुरु गोसाई परिवारों के सदस्य, समिति पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कबीर पंथ के अनुयायी शामिल हुए। श्रद्धालु अपने-अपने वाहनों में सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। शोभायात्रा में कार, पिकअप और ट्रैक्टर सहित बड़ी संख्या में वाहन शामिल थे। सतगुरु कबीर साहब और धनी धर्मदास साहब के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा दाउपारा चौक, पुराना बस स्टैंड और पड़ाव चौक सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड स्थित कबीर कुटी पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पड़ाव चौक पर नगर के प्रतिष्ठित नागरिक एवं पार्षद रमेश ठाकुर तथा उनके सहयोगियों ने माला पहनाकर और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इसके बाद स्टेडियम के पास स्थित कबीर कुटी में पूजा-अर्चना और आरती की गई। यहां से शोभायात्रा पुनः निर्धारित मार्ग से होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

भंडारा और जलपान में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

कार्यक्रम स्थल पर सभी अनुयायियों और गुरु परिवारों के लिए भोजन भंडारे एवं जलपान की विशेष व्यवस्था की गई थी। शोभायात्रा और धार्मिक आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भोजन प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता की भावना देखने को मिली।

प्रदेशभर से पहुंचे गुरु गोसाई एवं संत-महंत

इस धार्मिक आयोजन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गुरु गोसाई समाज के वरिष्ठजन शामिल हुए। इनमें तुलसी गोसाई, धनी साहब गोसाई, दिलीपदास गोसाई, महिपाल गुरु गोसाई साहब, रोशन साहब गोसाई, दीपक गुरु गोसाई, रज्जू गुरु गोसाई, किरण गोसाई एवं धर्मेंद्र गोसाई सहित बड़ी संख्या में गुरु गोसाई परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।

बहरमूड़ा से पहुंचे प्रेम प्रकाश गुरु गोसाई ने भी मंच साझा किया। वे पंथ प्रकाशमुनि नाम साहब के छोटे अनुज हैं। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

आयोजन की सफलता में युवाओं और शिष्यों का रहा विशेष योगदान

पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था में देव गुरु गोस्वामी, नवीन, हर्ष, प्रिंस, दक्ष, सीटू और शैलू सहित अनेक गुरु गोसाईजनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से प्रिंस गुरु गोस्वामी का योगदान सराहनीय रहा। वहीं शिष्य परिवारों की ओर से हेमा, नरेंद्र खत्री, शालीक राम निर्मलकर, रामखेलावन, दिनेश, विनोद, जीतराम, रामचिंता, प्रेम कुमार और संतोष निर्मलकर ने भंडारा एवं मंच व्यवस्था में सक्रिय सहयोग दिया।

शोभायात्रा की व्यवस्था में महंत पेखन दास साहू, महंत भगवान दास, लेखु साहू, देवी साहू, दिनेश मानिकपुरी एवं देबू सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। भजन गायन में जुडावन साहू ने प्रस्तुति दी, जबकि व्यवस्थापक संत आत्माराम साहू ने भी मंच पर भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर किया।

गणमान्य नागरिकों ने भी की सहभागिता

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, विधानसभा प्रत्याशी थानेश्वर साहू, मुंगेली विधानसभा प्रत्याशी संजीत बनर्जी, रमेश ठाकुर, मुकेश मीरी, उर्मिला रमेश यादव, भवानी माथुर, खेमलाल साहू, अनीता विश्वकर्मा एवं श्रीनिवास ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

धनी धर्मदास साहब के प्रकट उत्सव ने मुंगेली में कबीर पंथ की आध्यात्मिक परंपरा, गुरु-शिष्य संबंधों और सामाजिक समरसता की भावना को एक बार फिर जीवंत कर दिया। भक्ति, सेवा, त्याग और सद्भाव के संदेश के साथ संपन्न इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!