एनटीपीसी सीपत के 11.46 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
नौ ग्राम पंचायतों में 40 विकास कार्यों से बदलेगी तस्वीर, 5.22 करोड़ के 28 कार्यों का लोकार्पण और 6.24 करोड़ के 12 नए कार्यों का भूमिपूजन
सीपत/बिलासपुर। परियोजना प्रभावित गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार और सामाजिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से एनटीपीसी सीपत द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत लगभग 11 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं भूमिपूजन समारोह 28 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत सीपत में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात दी।

इस अवसर पर 5 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किए गए 28 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 6 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित 12 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस प्रकार कुल 40 विकास कार्यों के माध्यम से परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, मस्तूरी के पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी तथा एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे उपस्थित रहे।
नौ ग्राम पंचायतों में होंगे विकास कार्य
एनटीपीसी सीपत की सीएसआर योजना के अंतर्गत सीपत, जांजी, कर्रा, कौड़िया, रलिया, देवरी, रांक, गतौरा एवं लुतरा ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इन कार्यों में ग्रामीण आधारभूत संरचना का विकास, तालाबों का जीर्णोद्धार, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तथा शिक्षा से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन पहलों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ने के साथ स्थानीय नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
विकास कार्यों से ग्रामीण जीवन में आएगा सकारात्मक बदलाव : तोखन साहू
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने एनटीपीसी सीपत द्वारा परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थानों की जिम्मेदारी केवल उत्पादन और ऊर्जा आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके आसपास रहने वाले लोगों के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सीएसआर के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने एनटीपीसी सीपत की पहल को सराहनीय बताते हुए क्षेत्रीय विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
क्षेत्र का विकास ही देश का विकास : विधायक दिलीप लहरिया
मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि परियोजना प्रभावित गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है। एनटीपीसी सीपत इस दिशा में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर आमंत्रित करने के लिए एनटीपीसी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास ही देश का विकास है और विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन तथा औद्योगिक संस्थानों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
सीएसआर कार्यों से सुधरेगा ग्रामीणों का जीवन स्तर : राजेश सूर्यवंशी
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि सीएसआर के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों से गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। तालाबों का जीर्णोद्धार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े कार्य ग्रामीणों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होंगे। उन्होंने एनटीपीसी प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।
कौशल विकास और सामाजिक विकास पर दिया जोर
पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने विकास कार्यों के लिए एनटीपीसी सीपत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के साथ कौशल विकास और सामाजिक विकास से जुड़ी गतिविधियों को भी निरंतर बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इससे स्थानीय युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे और समाज आर्थिक रूप से मजबूत होगा।
सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है एनटीपीसी : विजय शंकर दुबे
एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे ने सीएसआर के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सीपत परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सामाजिक कल्याण से संबंधित गतिविधियों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही बड़ी भागीदारी
इस अवसर पर एनटीपीसी सीपत के वरिष्ठ अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अरुणा सूर्या एवं राजेन्द्र धीवर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती देवी, जनपद पंचायत सदस्य मनोज खरे, श्रीमती उषा देवी कैवर्त, रेवाशंकर साहू, सुश्री मंजु देवी कुर्रे एवं श्रीमती अंजनी पटेल उपस्थित रहे।
इसके अलावा विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच श्रीमती जयंती पटेल, विक्रम प्रताप सिंह, श्रीमती मनीषा वंशकार, श्रीमती चन्द्रकली पाटले, श्रीमती सरिता साहू, श्रीमती रीता रात्रे, श्रीमती रेखा सांडे एवं श्रीमती मीना वस्त्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
एनटीपीसी सीपत की इस पहल से परियोजना प्रभावित नौ ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। 11.46 करोड़ रुपये के इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

