स्वीकृत गौधामों का संचालन जल्द शुरू करें, लंबित आवेदनों का शीघ्र करें निराकरण : धीरेंद्र दुबे

0
IMG-20261128-WA1594

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय

जिलास्तरीय गौधाम एवं पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, 14 गौधामों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति, 10 का संचालन जारी

बिलासपुर। जिले में गौवंश संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के साथ गौधाम योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंथन सभाकक्ष में जिलास्तरीय गौधाम समिति एवं जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलास्तरीय गौधाम समिति के अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे की अध्यक्षता में हुई बैठक में गौधामों के संचालन, अनुदान, लंबित आवेदनों और पशु क्रूरता निवारण से संबंधित गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 14 गौधामों को प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त है। इनमें से 10 गौधाम पंजीकृत होकर वर्तमान में संचालित हैं। समिति ने संचालित गौधामों के सितंबर माह में समाप्त त्रैमास के अनुदान प्रपत्रों का अनुमोदन किया। इसके साथ ही सोन एवं जाली में नए गौधाम स्थापित करने के लिए प्राप्त आवेदनों की अनुशंसा भी की गई।

समिति अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे ने कहा कि गौवंश संरक्षण के लिए स्वीकृत गौधामों का व्यवस्थित संचालन आवश्यक है। उन्होंने लंबित आवेदनों का जिला पंचायत से समन्वय कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि योजना का लाभ पात्र संस्थाओं को समय पर मिल सके।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने स्वीकृति प्राप्त होने के बावजूद अभी तक शुरू नहीं हुए गौधामों का संचालन जल्द प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।

आवारा श्वानों की नसबंदी के लिए अन्य नगरीय निकायों में भी खुलेंगे केंद्र

बैठक में जिला पशु क्रूरता निवारण समिति के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान पशु जन्म नियंत्रण (एबीसी) केंद्रों की गतिविधियों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में नगर निगम बिलासपुर क्षेत्र में ही आवारा श्वानों की नसबंदी का कार्य संचालित किया जा रहा है। अन्य नगरीय निकायों में भी पशु जन्म नियंत्रण केंद्र प्रारंभ करने के लिए संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को आवश्यक समन्वय करने का सुझाव दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. जीएसएस तंवर सहित दोनों समितियों के सदस्य, विभिन्न गौधामों के अध्यक्ष एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में गौवंश संरक्षण, गौधामों के सुचारु संचालन और पशु कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!