मुख्यमंत्री साय सरकार का बजट सुशासन से समृद्धि का प्रतीक : रत्नावली कौशल
₹8200 करोड़ की महतारी वंदन योजना से मातृशक्ति सशक्त, बेटियों को ₹1.5 लाख का संबल
मुंगेली। महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन की पूर्व सदस्य ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026 के ‘संकल्प’ बजट की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और वित्त मंत्री द्वारा पेश किया गया ₹1.72 लाख करोड़ का बजट सुशासन से समृद्धि की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
रत्नावली कौशल ने कहा कि यह बजट महिलाओं, किसानों, युवाओं और कमजोर वर्गों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। विशेष रूप से महतारी वंदन योजना के लिए ₹8200 करोड़ का प्रावधान छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाला है। इस योजना के अंतर्गत 70 लाख से अधिक विवाहित, विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाओं को प्रतिमाह ₹1000 की सहायता दी जा रही है, जिससे घरेलू खर्च, बच्चों की शिक्षा और पोषण में सहूलियत मिलेगी। अब तक इस योजना के तहत ₹14 हजार करोड़ से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि रानी दुर्गावती योजना के तहत बेटियों को 18 वर्ष पूर्ण होने पर ₹1.5 लाख देने का प्रावधान कन्या शिक्षा, सशक्तिकरण और कन्या भ्रूण हत्या रोकने की दिशा में क्रांतिकारी पहल है। वहीं कृषि उन्नति योजना के लिए ₹10 हजार करोड़ का प्रावधान 25 लाख से अधिक किसानों, विशेषकर छोटे और सीमांत किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। कृषि पंपों के लिए ₹5500 करोड़ का प्रावधान सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करेगा।
रत्नावली कौशल ने कहा कि बस्तर एजुकेशन सिटी के लिए ₹100 करोड़, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए ₹2000 करोड़ और नालंदा लाइब्रेरी योजना के लिए ₹22 करोड़ का प्रावधान शिक्षा व स्वास्थ्य को नई मजबूती देगा। उन्होंने अपने बयान में कहा, “महतारी वंदन योजना मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाएगी और रानी दुर्गावती योजना बेटियों का भविष्य सुरक्षित करेगी। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष विभा अवस्थी के नेतृत्व में हम इन योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”
अंत में उन्होंने प्रदेश की महिलाओं से अपील की कि वे इन जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और छत्तीसगढ़ को समृद्ध बनाने में सहभागी बनें।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




