सिंगबंधा में प्राथमिक शाला को पूर्व माध्यमिक में उन्नयन की मांग, जनपद सदस्य ने डीईओ को लिखा पत्र

0
IMG-20260225-WA0611

मुंगेली। जिले के ग्राम सिंगबंधा में संचालित शासकीय प्राथमिक विद्यालय को पूर्व माध्यमिक विद्यालय में उन्नयन किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में जनपद पंचायत मुंगेली क्षेत्र क्रमांक–08 चकरभठा की जनपद सदस्य ने जिला शिक्षा अधिकारी, को पत्र लिखकर विद्यार्थियों की समस्या से अवगत कराया है।

जनपद सदस्य द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम सिंगबंधा के छात्र–छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए दूरस्थ विद्यालयों में जाना पड़ता है। दूरी अधिक होने और आवागमन की पर्याप्त सुविधा न होने के कारण बच्चों को नियमित रूप से स्कूल जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसका सीधा असर उनकी पढ़ाई और उपस्थिति पर पड़ रहा है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि ग्राम सिंगबंधा में संचालित शासकीय प्राथमिक शाला को पूर्व माध्यमिक विद्यालय में उन्नत कर दिया जाए, तो स्थानीय बच्चों को अपने ही गांव में कक्षा आठवीं तक शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा मिल सकेगी। इससे न केवल छात्रों की पढ़ाई सुचारू होगी, बल्कि ड्रॉपआउट की समस्या पर भी अंकुश लगेगा।

जनपद सदस्य ने जिला शिक्षा अधिकारी से छात्र–छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक शाला के उन्नयन की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

ग्रामीणों का भी कहना है कि विद्यालय उन्नयन से शिक्षा के प्रति बच्चों और अभिभावकों का रुझान बढ़ेगा। अब इस मांग पर शिक्षा विभाग द्वारा क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर ग्रामवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!