NTPC World Environment Day

राज्यपाल रमेन डेका ने एम्स रायपुर में 12-बेडेड अत्याधुनिक रेस्पिरेटरी आईसीयू का किया उद्घाटन

0
IMG-20260302-WA1187

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में 12-बेडेड अत्याधुनिक रेस्पिरेटरी इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) का उद्घाटन किया। पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के अंतर्गत स्थापित इस नई इकाई को छत्तीसगढ़ की जनता को समर्पित किया गया है।

नव स्थापित रेस्पिरेटरी आईसीयू अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें बेडसाइड ब्रोंकोस्कोपी, डायलिसिस सपोर्ट, एक्स्ट्राकॉर्पोरियल मेम्ब्रेन ऑक्सीजनशन (ईसीएमओ), आधुनिक वेंटिलेटर प्रणाली तथा सुदृढ़ संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। यह आईसीयू गंभीर श्वसन रोगों से पीड़ित मरीजों को तृतीयक स्तर की समग्र और उन्नत चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए विशेष रूप से विकसित किया गया है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एम्स रायपुर के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने चिकित्सकों की समर्पण भावना और सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की स्वास्थ्य अवसंरचना में निरंतर सुधार हुआ है, जिसके चलते मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने कहा कि भारत स्वास्थ्य, इंजीनियरिंग और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में लगातार प्रगति कर रहा है, जिसमें चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

राज्यपाल ने नवा रायपुर में एक अतिरिक्त एम्स की स्थापना की संभावना पर भी विचार-विमर्श होने की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने छत्तीसगढ़ में एक समर्पित कार्डियक केयर सेंटर की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर सद्भावना स्वरूप राज्यपाल द्वारा एम्स रायपुर को 42 मल्टीफंक्शनल प्रिंटर भेंट किए गए। ये प्रिंटर मरीज पंजीकरण, ओपीडी सेवाओं, नियमित रोगी देखभाल और प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुचारु एवं प्रभावी बनाने में सहायक होंगे।

एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अशोक जिंदल ने राज्यपाल के आगमन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह रेस्पिरेटरी आईसीयू लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करेगा और क्षेत्र में पल्मोनरी क्रिटिकल केयर सेवाओं को नई मजबूती देगा। कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह पहल रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में उन्नत, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!