दो जिलों में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 10 दोपहिया वाहन जप्त

0
IMG-20260302-WA0823



रायपुर । दोपहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन एवं मॉनिटरिंग में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के कुल 10 नग दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार चोरी की 04 दोपहिया वाहनों के संबंध में थाना पंडरी, खम्हारडीह, खरोरा एवं जिला दुर्ग के थाना छावनी में पहले से अपराध पंजीबद्ध थे। वहीं, आरोपियों से बरामद शेष 06 दोपहिया वाहनों के संबंध में थाना पंडरी में पृथक से धारा 35(1+3) बीएनएसएस/303 बीएनएस के तहत नया अपराध दर्ज किया गया है।

दोपहिया वाहन चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम द्वारा वाहन चोरी की घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, मुखबिरों को सक्रिय किया गया तथा तकनीकी विश्लेषण व नियमित पेट्रोलिंग के माध्यम से संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी।

इसी क्रम में पंडरी क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान एक्टिवा सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। पूछताछ से बचने के लिए दोनों भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम राज सोनी और सुभाष कुम्हार बताए। वाहन के दस्तावेज मांगने पर दोनों ने उक्त वाहन को पंडरी बाजार क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों तथा जिला दुर्ग के छावनी थाना क्षेत्र से कुल 10 दोपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया। जांच में सामने आया कि आरोपी सुभाष कुम्हार पूर्व में भी वर्ष 2025 में चार दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में थाना खमतराई से जेल जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज सोनी (24 वर्ष) निवासी आरव्हीएच कॉलोनी, छोटा पारा, खमतराई तथा सुभाष कुम्हार (19 वर्ष) निवासी दोंदेखुर्द, थाना विधानसभा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आगे भी वाहन चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Advertisement Carousel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!