हाईवा चालकों से लूट और डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार स्कॉर्पियो वाहन, 170 लीटर डीजल, नगदी व हथियारनुमा सामान जब्त
रायगढ़। जिले में हाईवा वाहनों से डीजल चोरी कर चालकों से मारपीट और लूटपाट करने वाले गिरोह पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तमनार पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, करीब 170 लीटर डीजल, नगदी 500 रुपये और हथियारनुमा सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग की है। यहां हाईवा चालक मुकेश यादव (33 वर्ष) निवासी ग्राम धनवाही, थाना इंदवार जिला उमरिया (मध्यप्रदेश) ने 3 मार्च को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 2 मार्च की रात वह अपने हाईवा क्रमांक CG 10 BK 9082 को भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में खड़ा कर वाहन में ही सो रहा था। उसी दौरान रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच आवाज सुनकर वह नीचे उतरा तो तीन अज्ञात व्यक्ति उसके वाहन से डीजल चोरी करते मिले।
चालक के शोर मचाने पर आरोपी डीजल का डिब्बा लेकर भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर दो आरोपी वापस आए और मोबाइल व पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर चालक की जेब में रखे 200 और 100 रुपये के कुल 500 रुपये लूट लिए। इसके बाद उन्होंने वहां खड़े अन्य हाईवा वाहनों से भी डीजल चोरी किया और लगभग 175 लीटर डीजल लेकर सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन से सराईडीपा की ओर फरार हो गए। चोरी हुए डीजल की अनुमानित कीमत करीब 16,500 रुपये बताई गई।
मामले में थाना तमनार में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 309(6) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने पीड़ित चालक, आसपास के ग्रामीणों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर आरोपी सुनील यादव के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (CG 13 AZ 2647) तथा प्लास्टिक गैलनों में भरा कुल 170 लीटर डीजल जब्त किया। वहीं आरोपी कैलाश दास मंहत से नगदी 500 रुपये और बांस का डंडा तथा आरोपी गोविन्द सिदार से लोहे का रॉड और प्लास्टिक पाइप बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश दास मंहत (30 वर्ष), गोविन्द सिदार (24 वर्ष) और सुनील यादव (28 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम चितवाही, थाना तमनार जिला रायगढ़ के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशांत राव, सहायक उपनिरीक्षक सुरीत सिंदार, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया, आरक्षक पुरूषोत्तम सिदार, पुष्पेन्द्र सिदार, शशिभूषण उरांव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चोरी, लूटपाट और डीजल चोरी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों और परिवहन से जुड़े स्थानों पर ऐसे अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




