इंस्टाग्राम से पहचान के बाद महिला के घर घुसकर छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260308-WA1108

रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान शुभम यादव (27 वर्ष) पिता संतोष कुमार यादव, निवासी वार्ड नंबर 10 सोसायटी रोड बाराद्वार, थाना बाराद्वार जिला सक्ती के रूप में हुई है।

इंस्टाग्राम से हुई थी पहचान

पीड़िता (29 वर्ष) ने 7 मार्च 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी शुभम यादव से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होने लगी।

कुछ समय बाद आरोपी महिला को अश्लील मैसेज और गाली-गलौज करने लगा, जिससे परेशान होकर महिला ने उससे बातचीत बंद कर दी। इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन कॉल और मैसेज कर महिला और उसके घर के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश करता रहा।

घर में घुसकर की छेड़छाड़ और मारपीट

पीड़िता के अनुसार 7 मार्च की सुबह करीब 11:30 बजे उसका पति बच्चों को लेने स्कूल गया हुआ था और वह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर बाहर निकली तो देखा कि शुभम यादव घर के हाल में घुस आया था।

महिला ने उसे डांटकर बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने गंदी नीयत से धक्का देकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर महिला ने शोर मचाया और पति को फोन करने लगी। इस पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की और मौके से फरार हो गया।

बाराद्वार से आरोपी गिरफ्तार

महिला की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 16/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(1), 74, 75(1) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जूटमिल और पुलिस लाइन स्टाफ के साथ बाराद्वार में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध की पुष्टि होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता – एसएसपी

इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में महिला थाना टीम ने त्वरित कार्रवाई की। टीम में सहायक उपनिरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, आरक्षक शशिभूषण साहू और नव आरक्षक राज सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं डायल 112 या ‘हेलो सिस्टर’ महिला हेल्पलाइन 94792-70533 पर संपर्क कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!