अकलतरा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: महिला सहित 4 गिरफ्तार, 3 फरार वारंटी भी पकड़े गए
जांजगीर-चांपा। अकलतरा पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर एक महिला सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें लंबे समय से फरार चल रहे 3 वारंटी भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में की गई। क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

7 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम अमरताल में एक व्यक्ति अवैध कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी और दिगेंद्र डहरिया निवासी अमरताल, थाना अकलतरा को 7 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद शराब को जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
3 फरार वारंटी भी पुलिस के हत्थे चढ़े
इसके अलावा न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर लंबे समय से फरार चल रहे 3 वारंटियों को भी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला वारंटी भी शामिल है, जो काफी समय से पुलिस से बचती फिर रही थी।
सभी आरोपियों को कोर्ट में किया पेश
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब, अपराध और फरार आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




