राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मुख्य जिला मार्ग के उन्नयन के लिए 153.82 करोड़ मंजूर

0
image_search_1773194125927

रायपुर । गरियाबंद जिले के महत्वपूर्ण राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मुख्य जिला मार्ग के मजबूतीकरण और उन्नयन के लिए राज्य शासन ने 153 करोड़ 82 लाख 34 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से करीब 35.5 किलोमीटर सड़क का मजबूतीकरण एवं उन्नयन कार्य कराया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस परियोजना में सड़क और पुल-पुलिया निर्माण के लिए 139 करोड़ 48 लाख 72 हजार रुपये तथा भू-अर्जन और यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए 14 करोड़ 33 लाख 62 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस सड़क के उन्नयन के लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसी वर्ष 1 जनवरी को केंद्रीय सड़क निधि (CRIF) योजना के अंतर्गत स्वीकृति दी थी।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से प्रशासकीय स्वीकृति जारी करते हुए प्रमुख अभियंता को आवश्यक निर्देश भेज दिए हैं। श्री साव ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा है कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी करने, प्राक्कलन और कार्य संपादन में मितव्ययिता बरतने तथा निर्माण एजेंसी से निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अनावश्यक रूप से समय-सीमा में वृद्धि नहीं की जाएगी और केवल अपरिहार्य व नियंत्रण से बाहर के कारणों पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!