24 घंटे के भीतर तीन चोर गिरफ्तार, 3.70 लाख के जेवर-नकदी बरामद बलौदा पुलिस की कार्रवाई, तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा

0
IMG-20260311-WA0596

जांजगीर-चांपा । बलौदा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और नकदी सहित करीब 3 लाख 70 हजार रुपये का माल बरामद किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गणेश केवट उर्फ बुट्टी (24 वर्ष) निवासी औराभोई पारा हरदी महामाया, रोशन बरेठ (18 वर्ष) तथा दिनेश बरेठ (20 वर्ष) निवासी हरदी महामाया थाना बलौदा शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत कार्रवाई की गई है।

पहला मामला

प्रार्थी दाऊ राम साहू (82 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 12 हरदी महामाया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 जनवरी 2026 को वे अपने घर में ताला लगाकर कोरबा और बाद में बिलासपुर चले गए थे। लगभग एक माह बाद 27 फरवरी को जब वे वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी में रखे चांदी का करधन, पायल, अंगूठियां, सोने की फुली और 20 हजार रुपये नकद गायब थे। मामले में थाना बलौदा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दूसरा मामला

इसी तरह आनंद मोहन पाण्डेय (27 वर्ष) निवासी न्यू चंदनियापारा जांजगीर ने शिकायत की थी कि उनके पैतृक घर हरदी महामाया में 18 फरवरी से 9 मार्च के बीच किसी अज्ञात चोर ने घर में रखे पुराने सोने-चांदी के जेवर और 5 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई।

तीसरा मामला

वहीं हरिओम साहू (48 वर्ष) निवासी हरदी महामाया ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 मार्च को जब वे अपने गांव स्थित घर पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और पीतल की बाल्टी, कांसे की गुंडी, थाली और लोटा सहित करीब 14 किलो बर्तन चोरी हो चुके थे।

पुलिस की कार्रवाई

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाएं करना स्वीकार कर लिया। उनके मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और नगदी सहित करीब 3.70 लाख रुपये का माल बरामद कर लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 मार्च को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, नवीन सिंह, मुकेश यादव, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे, संदीप सोनंत, टिकेश्वर राठौर, प्रहलाद निर्मलकर, रोहित साहू, पुनेश्वर आजाद, लखेश विश्वकर्मा तथा महिला आरक्षक चन्द्रप्रभा शांतेय सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!