बड़ी खबर : पहले से बनी सड़क पर फिर टेंडर? सीसी सड़क निर्माण की निविदा पर उठे सवाल।
मुंगेली नगर पालिका की निविदा में वार्ड नंबर को लेकर भी विवाद • उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा और पार्षद मोहन मल्लाह ने मांगा स्पष्टीकरण • झूलेलाल मंदिर क्षेत्र को वार्ड 8 बताने पर आपत्ति
मुंगेली। नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा वार्ड क्रमांक 8 में सीसी सड़क निर्माण के लिए जारी की गई निविदा को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पहले इस मामले में नगर पालिका के उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा ने सवाल उठाए थे, वहीं अब वार्ड के पार्षद मोहन मल्लाह ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए नगर पालिका प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। दोनों जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जिस स्थान के लिए निविदा जारी की गई है, वहां पहले से ही सड़क बनी हुई है। ऐसे में उसी स्थान पर दोबारा सड़क निर्माण के लिए निविदा निकालना कई सवाल खड़े कर रहा है।
दरअसल, नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा 29 जनवरी 2026 को प्रथम मैनुअल निविदा सूचना जारी की गई थी। इस निविदा के तहत वार्ड क्रमांक 8 में झूलेलाल मंदिर के पास सीसी सड़क निर्माण कार्य के लिए ठेकेदारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस कार्य की अनुमानित लागत 7 लाख 78 हजार रुपये निर्धारित की गई है। निविदा प्रक्रिया के अनुसार एकीकृत पंजीयन प्रणाली के अंतर्गत पंजीकृत ठेकेदारों से पीडब्ल्यूडी रोड एसओआर 01 जनवरी 2025 की अनुसूची के अनुसार कम, बराबर या अधिक प्रतिशत दर पर निविदा आमंत्रित की गई थी।
नगर पालिका द्वारा जारी निविदा शर्तों के अनुसार ठेकेदारों को 5835 रुपये अमानत राशि तथा 750 रुपये निविदा प्रपत्र शुल्क जमा करना निर्धारित किया गया है। वहीं निर्माण कार्य को पूरा करने की अवधि दो माह तय की गई है। निविदा प्रक्रिया के तहत आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026, निविदा प्रपत्र जारी करने की अंतिम तिथि 13 फरवरी 2026 तथा निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी।
उपाध्यक्ष ने उठाए सवाल
निविदा जारी होने के बाद इस पर सवाल खड़े होने लगे हैं। नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जिस स्थान का उल्लेख निविदा में किया गया है, वहां पहले से ही सड़क बनी हुई है। ऐसे में उसी जगह पर दोबारा सड़क निर्माण के लिए निविदा जारी करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा,
“नगर पालिका परिषद को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर यह सड़क कहां बनाई जाएगी। अगर जिस स्थान का उल्लेख किया गया है वहां पहले से सड़क बनी हुई है, तो उसी स्थान के लिए दोबारा निविदा जारी करना जनता के पैसों की बर्बादी जैसा प्रतीत होता है। प्रशासन को इस मामले में पारदर्शिता रखते हुए स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।”
पार्षद मोहन मल्लाह ने भी जताई नाराजगी
इसी मामले में शंकर वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद मोहन मल्लाह ने भी कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर सड़क निर्माण का उल्लेख किया गया है, वहां पहले से ही सड़क मौजूद है। ऐसे में नगर पालिका द्वारा जारी की गई निविदा से भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
पार्षद मोहन मल्लाह ने कहा,
“यदि वार्ड में कहीं नई सड़क बनानी है तो उसका सही स्थान स्पष्ट किया जाना चाहिए। जिस जगह पहले से सड़क बनी है, वहां फिर से सड़क बनाने की बात समझ से परे है। नगर पालिका को इस मामले में सड़क निर्माण की वास्तविक जगह स्पष्ट करनी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका द्वारा 29 जनवरी 2026 को जारी निविदा में झूलेलाल मंदिर के पास सीसी सड़क निर्माण कार्य का उल्लेख वार्ड क्रमांक 8 में किया गया है, जबकि झूलेलाल मंदिर के आसपास का क्षेत्र शंकर वार्ड क्रमांक 5 के अंतर्गत आता है। ऐसे में निविदा में वार्ड संख्या गलत लिखे जाने से भ्रम और संदेह दोनों की स्थिति बन रही है।
मोहन मल्लाह ने मांग की है कि यदि निविदा में तथ्यात्मक त्रुटि है तो नगर पालिका प्रशासन को तत्काल इस निविदा को निरस्त कर नई स्पष्ट निविदा जारी करनी चाहिए।
नागरिकों में भी चर्चा तेज
इस पूरे मामले को लेकर अब स्थानीय नागरिकों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। यदि किसी कार्य के लिए निविदा जारी की जाती है तो उसके स्थान, आवश्यकता और उद्देश्य की स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि झूलेलाल मंदिर के पास जिस सीसी सड़क निर्माण कार्य की निविदा निकाली गई है, उसमें वार्ड क्रमांक 8 का उल्लेख किया गया है, जबकि वास्तविकता में वह क्षेत्र वार्ड क्रमांक 5 में आता है। ऐसे में यह त्रुटि कई सवाल खड़े कर रही है।
प्रशासन के जवाब का इंतजार
फिलहाल इस पूरे मामले में नगर पालिका परिषद मुंगेली प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में अब जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की नजर इस बात पर टिकी है कि नगर पालिका प्रशासन इस विवाद पर क्या जवाब देता है और प्रस्तावित सड़क निर्माण का वास्तविक स्थान क्या है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




