कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर में पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त का आयोजन
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
जिले के एक लाख से अधिक किसानों को 20 करोड़ से ज्यादा की राशि का लाभ
बिलासपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 22वीं किस्त के हस्तांतरण का कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र, बिलासपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषि अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं किसानों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
उप संचालक कृषि पी.डी. हतेश्वर ने बताया कि बिलासपुर जिले में इस किस्त के तहत 20 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक की राशि का हस्तांतरण किया जा रहा है, जिससे एक लाख से अधिक किसान सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस राशि से किसानों को खेती से जुड़ी आवश्यकताओं की पूर्ति करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में कृषि स्थायी समिति सभापति प्रतिनिधि जागेंद्र कश्यप ने कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों और किसान हितैषी नीतियों पर प्रकाश डालते हुए किसानों का उत्साहवर्धन किया। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गीत शर्मा ने किसानों को योजना से जुड़ी तकनीकी जानकारी एवं केंद्र द्वारा दिए जा रहे वैज्ञानिक सहयोग के बारे में बताया।
कार्यक्रम में संयुक्त संचालक कृषि आर.के. राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. अमित शुक्ला, डॉ. स्वाति शर्मा, हेमकांति बंजारे, डॉ. जयंत साहू, इंजीनियर पंकज मिंज, सुशीला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिल्पा कौशिक मोदी ने किया, जबकि डॉ. एकता ताम्रकार ने अतिथियों, वैज्ञानिकों और लगभग 90 प्रगतिशील किसानों का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से देशभर के 9.32 करोड़ किसानों को 18,640 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। वहीं छत्तीसगढ़ के 24.71 लाख किसानों को 498.83 करोड़ रुपये का लाभ मिला, जिसमें वन पट्टाधारी और विशेष पिछड़ी जनजाति के किसान भी शामिल हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




