दो साल पुरानी नकबजनी के मामले में फरार महिला आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
झाड़-फूंक के बहाने घर से सोने-चांदी के जेवर व नकदी पार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
बिलासपुर। थाना सीपत पुलिस ने दो वर्ष पुराने नकबजनी के मामले में फरार चल रही एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया मनीषा कानगो (19 वर्ष) निवासी ग्राम कुकदा, बजरंग चौक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 दिसंबर 2023 की रात करीब 11:45 बजे उसके पिता अनिल कानगो और माता गोंदा बाई कानगो द्वारा झाड़-फूंक के लिए जनक राम सौंरा और उसकी पत्नी को ग्राम जाली, थाना रतनपुर से बुलाया गया था।
झाड़-फूंक के दौरान घर में रखी एक पेटी में 50 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल (लगभग 40 ग्राम), एक जोड़ी बिछिया, सोने की दो फुली, दो चांदी की अंगूठी रखकर ताला लगा दिया गया था और चाबी प्रार्थिया की मां को दे दी गई थी। इसके बाद झाड़-फूंक के बहाने नींबू गाड़ने के लिए घरवालों को बाहर भेज दिया गया। जब वे वापस आए तो आरोपी दंपती यह कहकर चले गए कि रातभर दिया जलता रहने देना और पेटी को न खोलना।
सुबह पेटी खोलने पर उसमें रखे नकदी और सोने-चांदी के जेवरात कुल लगभग 60 हजार रुपये गायब मिले। मामले में थाना सीपत में अपराध दर्ज कर पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही थी।

विवेचना के दौरान पता चला कि आरोपी जनक राम सौंरा की मृत्यु हो चुकी है, जबकि उसकी पत्नी जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गई थी। 14 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि चकरभाठा क्षेत्र की कुछ महिलाएं ग्राम बनियाडीह में घूम रही हैं। पुलिस टीम ने महिला आरक्षक के साथ संदिग्ध महिला को पकड़कर पूछताछ की।
शुरुआत में महिला ने गलत नाम-पता बताया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम झुनिया बाई सौंरा उर्फ शांति बाई (55 वर्ष) पति स्व. जनक राम सौंरा निवासी ग्राम जाली, थाना रतनपुर (हाल मुकाम सौरा मोहल्ला, चकरभाठा) बताया। अपराध में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




