लोरमी में भक्त माता कर्मा जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू;शाला भवन का भूमिपूजन और जनचौपाल में ग्रामीणों से संवाद

0
IMG-20260316-WA0303

Lormi । केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने लोरमी क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए सांस्कृतिक परंपराओं के सम्मान और क्षेत्रीय विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

श्री साहू ग्राम रहंगी एवं हरदीबांध (लोरमी) में आयोजित भक्त माता कर्मा जयंती कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने भक्त माता कर्मा के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि माता कर्मा का जीवन भक्ति, सेवा, त्याग और समाज के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि माता कर्मा के आदर्श समाज को संस्कार, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। श्री साहू ने कहा कि भक्ति में आस्था, सेवा में समर्पण और संस्कारों में समाज की शक्ति निहित है, जो माता कर्मा के जीवन का शाश्वत संदेश है।

इसके पश्चात श्री साहू ने लाखासार (लोरमी) में शासकीय हाईस्कूल के नवीन शाला भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा सहित आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य और केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत हैं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनचौपाल में श्री साहू ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार लोरमी क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीणों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर जनजीवन को अधिक सुगम और सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!