घर में घुसकर महिला से छेड़खानी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
महिला थाना पुलिस की कार्रवाई, फरार आरोपी को दबिश देकर पकड़ा; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़ पुलिस ने घर में घुसकर महिला से छेड़खानी और मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी आशीष बघेल उर्फ संजू बघेल (24 वर्ष) निवासी इंदिरानगर पूछापारा रायगढ़ के खिलाफ महिला थाना में प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में मारपीट का मामला भी दर्ज है और मोहल्ले के लोगों ने उसके झगड़ालू व्यवहार की शिकायत भी की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 25 फरवरी 2026 को महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 फरवरी की दोपहर वह अपने घर में बिजली कनेक्शन ठीक करवा रही थी। इसी दौरान तार हिलने से कुछ देर के लिए बिजली चली गई। इससे नाराज होकर आरोपी उसके घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
पीड़िता के अनुसार 25 फरवरी की रात आरोपी फिर घर में घुस आया और झगड़ा करते हुए गंदी नीयत से छेड़खानी व मारपीट की। इस दौरान पीड़िता के पति और पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया। मामले में महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 12/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 200, 115(2), 76 और 74 में अपराध दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
मामले की विवेचना के दौरान आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी बीच 15 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के साथ छेड़खानी, मारपीट और घर में घुसकर अपराध करने जैसे मामलों में रायगढ़ पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है। ऐसे मामलों में आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




