दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यात्री राजस्व अर्जन में कीर्तिमान!
• वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक का सर्वाधिक प्रारंभिक यात्री राजस्व (ऑरिजिनेटिंग पैसेंजर रेवेन्यू) अर्जित।
बिलासपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में यात्री राजस्व अर्जन में उपलब्धि हासिल करते हुए अब तक का सर्वाधिक ऑरिजिनेटिंग पैसेंजर रेवेन्यू अर्जित किया है। 17 मार्च 2026 तक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्री यातायात से ₹1359.04 करोड़ का राजस्व अर्जन किया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के ₹1330.70 करोड़ के यात्री यातायात से प्राप्त राजस्व अर्जन से अधिक है।
यह उपलब्धि न केवल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को दर्शाती है, बल्कि यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित आंतरिक लक्ष्य ₹1348.06 करोड़ को भी पार कर लिया गया है।
राजस्व वृद्धि में अनारक्षित श्रेणी के लिए यात्रा का विशेष योगदान रहा है, जिसमें ₹55 करोड़ (18.7%) की वृद्धि दर्ज की गई है, जो भारतीय रेल में सर्वाधिक वृद्धि प्रतिशत में से एक है। वहीं, आरक्षित श्रेणी में यात्रा के लिए ₹26 करोड़ (2.8%) की वृद्धि दर्ज की गई है। कुल मिलाकर ₹82 करोड़ (6.6%) की वृद्धि की तुलना में तथा ₹65 करोड़ (5%) की वृद्धि आनुपातिक लक्ष्य की तुलना में हासिल की गई है।
यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष में स्पेशल ट्रेनों का भी सफलतापूर्वक संचालन किया गया। इस दौरान टीओडी (ट्रेन ऑन डिमांड) के तहत 116 ट्रिप (26 आरक्षित ट्रेनें) एवं 36 ट्रिप (8 अनारक्षित ट्रेनें) चलाई गईं ।
यह उल्लेखनीय उपलब्धि तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा के साथ-साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समर्पित कार्यशैली, प्रभावी प्रबंधन तथा यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार का परिणाम है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन, महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के नेतृत्व में, भविष्य में भी यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं उच्च गुणवत्ता की सेवाएं प्रदान करने के लिए सतत प्रतिबद्ध है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




