अवैध मिट्टी खनन पर तहसीलदार के आदेश के बाद भी कार्रवाई नहीं, प्रशासन पर उठे सवाल
तखतपुर । तहसीलदार न्यायालय तखतपुर, जिला बिलासपुर द्वारा अवैध मिट्टी खनन के मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
11 मार्च 2026 को जारी आदेश में ग्राम पंचायत अरईबंद के सरपंच प्रेम भारस्कर द्वारा शासकीय भूमि से अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए निर्धारित भूमि (खसरा नंबर 760, रकबा लगभग 61 डिसमिल) से बिना अनुमति जेसीबी मशीन के माध्यम से खुदाई कर मिट्टी निकाली जा रही थी। इस कार्य में हाइवा ट्रक क्रमांक CG07 BJ9960 एवं CG10 AR5307 का उपयोग किया जा रहा था।
आरोप है कि इस अवैध खनन का विरोध करने पर संबंधित लोगों द्वारा दबाव बनाया गया और काम लगातार जारी रखा गया। मामले की सूचना डायल 112 और थाना तखतपुर को भी दी गई थी तथा घटना का वीडियो रिकॉर्डिंग भी किया गया था।
तहसीलदार ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से थाना प्रभारी को संबंधित वाहनों को तत्काल जब्त कर वैधानिक कार्रवाई करने तथा पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद “मिली जानकारी के अनुसार” अभी तक न तो वाहनों की जब्ती हुई है और न ही किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई सामने आई है।
इस स्थिति से स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक आदेशों के बावजूद कार्रवाई नहीं होना अवैध खनन करने वालों को खुला संरक्षण देने जैसा है। इससे शासन-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और शासकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक ठोस कदम उठाता है।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




