कबाड़ियों पर पुलिस का सख्त शिकंजा, सघन अभियान में 6 आरोपी गिरफ्तार

0
Screenshot_20260323_093322

रायपुर। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक के लिए रायपुर पुलिस ने नॉर्थ जोन में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देशन में खमतराई और उरला थाना क्षेत्रों में कबाड़ी यार्डों पर छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध कबाड़ और वाहन जब्त किए गए।

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक टाटा डीआई वाहन, एक टैंकर, एक ट्रैक्टर सहित स्पंज आयरन, सरिया, लोहे के पाइप, सेंटरिंग प्लेट और अन्य स्क्रैप सामग्री बरामद की गई। जब्त सामग्री और वाहनों की कुल कीमत करीब 10 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई है।

खमतराई थाना क्षेत्र में रूपेश सिंह, राजू सिंह और उमाशंकर गुप्ता के यार्ड में दबिश देकर करीब 10 लाख रुपये का कबाड़ और वाहन जब्त किए गए। वहीं उरला क्षेत्र के गाजी नगर बीरगांव में तारकेश्वर सिंह उर्फ तारू के कबाड़ी दुकान से लोहे की ग्रिल और साइकिल जब्त की गई। मेटल पार्क स्थित रमन शाह के यार्ड से करीब 1000 किलो कबाड़ तथा सरोरा में संतोष साव के यार्ड से भी लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ।

पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि चोरी का सामान खरीदने या बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही सभी कबाड़ी और यार्ड संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे संदिग्ध सामग्री की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!