आमाघाट अफीम कांड में बड़ी सफलता, अंतरराज्यीय दबिश में आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260323-WA0485

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती के बहुचर्चित मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए झारखंड से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश अब भी जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिलने पर पूर्व में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 60,326 अफीम के पौधे, जिनका वजन 2877 किलोग्राम था, जब्त किए गए थे। इसके अलावा आरोपी के ठिकाने से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई थी। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 5 लाख रुपए आंकी गई है।

इस मामले में मुख्य आरोपी मार्शल संगा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पूछताछ में उसने अपने साथियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध अफीम की खेती करना स्वीकार किया था। इसके बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

तमनार थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम को झारखंड और ओडिशा के लिए रवाना किया गया। लगातार तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों के गृह क्षेत्र तक पहुंची, जहां उन्हें भनक लगने पर दोनों आरोपी पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में छिप गए।

इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने जंगल क्षेत्र में भाग रहे आरोपी एमानुएल भेंगरा को पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपी को रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी सीप्रियन भेंगरा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!