शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बहन पर हथौड़े से हमला, आरोपी भाई गिरफ्तार

0
IMG-20260326-WA0708

बिलासपुर/कोनी । थाना क्षेत्र कोनी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने अपनी ही बहन पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत दर्ज किया गया है। आरोपी मानेश्वर मनहर (33 वर्ष), निवासी आनंद मार्ग स्कूल के पास, कोनी, को घटना के बाद हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

घटना 24 मार्च 2026 की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है। पीड़िता मिनेश्वरी मनहर अपने देव नगर स्थित घर में अकेली सो रही थी। इसी दौरान उसका भाई मानेश्वर मनहर शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उससे पैसे की मांग करने लगा। जब बहन ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने आक्रोश में आकर पहले उसके बाल पकड़कर उसे बाहर खींचा और फिर पास में रखे हथौड़े से उसके सिर, हाथ और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

NTPC World Environment Day

हमले में गंभीर रूप से घायल पीड़िता मौके पर ही बेहोश हो गई। घटना के बाद किसी तरह उसे होश आने पर उसने थाना कोनी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरे प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मामले का शीघ्र खुलासा किया।

घटना ने एक बार फिर पारिवारिक संबंधों में बढ़ती हिंसा और नशे की प्रवृत्ति को उजागर किया है। शराब की लत किस तरह रिश्तों को तार-तार कर रही है, यह मामला इसका गंभीर उदाहरण माना जा रहा है।

कोनी पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!