चैन स्नेचर्स पर पुलिस का प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार 300 CCTV फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस, लूटी गई चैन-लॉकेट सहित पूरा मशरूका बरामद

0
IMG-20260326-WA0978

बिलासपुर । शहर में सक्रिय चैन स्नेचर्स के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसीसीयू (ACCU) एवं थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने सुनियोजित तरीके से जांच करते हुए न सिर्फ आरोपियों तक पहुंच बनाई, बल्कि लूट का शत-प्रतिशत मशरूका भी बरामद कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 मार्च की रात करीब 10 बजे प्रार्थिया शोभना भाण्डेकर अपने भाई के साथ स्कूटी से रेलवे स्टेशन से घर लौट रही थीं। रामा पोर्ट के पास उनकी स्कूटी पंचर हो गई, जिससे वे धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पल्लव भवन के पास एक युवक रॉन्ग साइड से आया और महिला के गले से सोने की चैन व लॉकेट झपटकर फरार हो गया। आरोपी का साथी पहले से मोटरसाइकिल लेकर सड़क पार इंतजार कर रहा था, जिसके साथ वह मौके से भाग निकला।

घटना की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने शहर के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर सायबर सेल की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की गई।

पुलिस ने देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि पीड़िता को स्कूटी पंचर होने के दौरान ही टारगेट बनाया गया था और पहले ऑटो से पीछा कर मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में शेख सलमान (27) निवासी तारबाहर एवं आकाश उर्फ आशु नायक (23) निवासी देवरीखुर्द शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ऑटो, नगद 5 हजार रुपए तथा लूटी गई सोने की चैन व लॉकेट बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने आभूषण को आईआईएफ गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर 80 हजार रुपए का लोन लिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

पुलिस की इस कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने पुरस्कार देने की घोषणा की है। वहीं, पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सुनसान स्थानों पर सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!