‘यह तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है’: राघव चड्ढा का वीडियो वायरल, AAP में बढ़ी सियासी हलचल

0
amidst-ongoing


उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का जवाब, पंजाब मुद्दों पर दी सफाई और उठाए बड़े सवाल

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर सियासी हलचल तेज कर दी है। राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सामने आए इस वीडियो में उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा—“यह एक छोटा सा ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है।”

वीडियो साझा करते हुए चड्ढा ने पार्टी के उन नेताओं को जवाब दिया, जिन्होंने उन पर संसद में पंजाब के मुद्दे न उठाने का आरोप लगाया था। उन्होंने लिखा कि कुछ साथियों को मजबूरी में उनके खिलाफ बयान देना पड़ा, लेकिन अब वे खुद अपने काम का “ट्रेलर” दिखा रहे हैं।

वीडियो में चड्ढा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि पंजाब उनके लिए केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि उनका घर, फर्ज, मिट्टी और आत्मा है। इस बयान के जरिए उन्होंने अपनी निष्ठा पर उठ रहे सवालों को खारिज करने की कोशिश की।

चड्ढा ने अपने संबोधन में राज्यसभा में उठाए गए कई अहम मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों—श्री करतारपुर साहिब, श्री पंजा साहिब और श्री ननकाना साहिब—के लिए कॉरिडोर की मांग दोहराई, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में सुविधा मिल सके। इसके साथ ही किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने और फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने की बात कही।

उन्होंने पंजाब की गंभीर स्थिति पर भी चिंता जताई। चड्ढा के अनुसार, राज्य में भूजल स्तर 500-600 फीट तक गिर चुका है, जो एक बड़ा संकट है। वहीं भटिंडा से बीकानेर जाने वाली ट्रेन को उन्होंने कैंसर मरीजों के लिए “जीवनरेखा” बताया। प्रदूषण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह केवल दिल्ली नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत की समस्या है और इसका ठीकरा केवल किसानों पर फोड़ना उचित नहीं है।

चड्ढा ने केंद्र सरकार पर पंजाब के हजारों करोड़ रुपये के फंड रोकने का आरोप भी लगाया। उन्होंने ग्रामीण विकास फंड, मंडी डेवलपमेंट फंड, नेशनल हेल्थ मिशन और शिक्षा से जुड़े फंड का जिक्र करते हुए कहा कि ये राशि तत्काल जारी की जानी चाहिए।

इसके अलावा, उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह को भारत रत्न देने, महाराजा रणजीत सिंह के शाही सिंहासन को वापस लाने और आनंदपुर साहिब को हेरिटेज सिटी का दर्जा देने की मांग भी उठाई। उन्होंने पंजाब के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सीमित उड़ानों को लेकर भी सवाल खड़े किए और कहा कि इन्हें वास्तव में अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाना चाहिए।

अपने संबोधन के अंत में चड्ढा ने कहा, “पंजाब किसी से भीख नहीं मांग रहा, पंजाब न्याय मांग रहा है।” उनका यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब आम आदमी पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं। ऐसे में उनका यह बयान आने वाले दिनों में पार्टी की राजनीति और संगठनात्मक स्थिति पर बड़ा असर डाल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!