मालदा बंधक कांड में NIA की एंट्री, सियासत तेज; 9 घंटे तक ज्यूडिशियल टीम को बनाया गया बंधक

0
NIA-files


कालियाचक में जांच के दौरान हिंसा, 35 गिरफ्तार; ममता बनर्जी ने NIA पर उठाए सवाल, बीजेपी का पलटवार

मालदा/कोलकाता । पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट और अधिकारियों को बंधक बनाए जाने के मामले में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जांच तेज कर दी है। एजेंसी की टीम ने घटनास्थल कालियाचक ब्लॉक नंबर-2 कार्यालय का दौरा कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में भी तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।

घटना बुधवार की बताई जा रही है, जब न्यायिक अधिकारियों की टीम क्षेत्र में विचाराधीन मतदाताओं के नामों के सत्यापन के लिए पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ ने टीम को घेर लिया और उन्हें करीब 9 घंटे तक बंधक बनाकर रखा। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस के हस्तक्षेप के बाद अधिकारियों को बाहर निकाला गया, लेकिन बाहर निकलते ही भीड़ ने उनकी गाड़ियों पर हमला कर दिया।

इस गंभीर मामले में पुलिस ने अब तक 19 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं और 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रशासन का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

NIA की जांच शुरू होने के बाद राज्य का सियासी पारा चढ़ गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एजेंसी पर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर आम जनता को डराया जा रहा है।

वहीं, विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार असामाजिक तत्वों को संरक्षण दे रही है, जिसके चलते कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो राज्य में निष्पक्ष चुनाव कराना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तनाव बना हुआ है, वहीं NIA की टीम विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। एजेंसी यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई संगठित साजिश तो नहीं है।

फिलहाल, इस पूरे मामले ने राज्य की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक माहौल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आने वाले दिनों में NIA की जांच और पुलिस की कार्रवाई इस मामले की दिशा तय करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!