अवैध निर्माण पर निगम का बुलडोजर, स्कूलों के पास नशे की सामग्री जब्त
रायपुर। शहर में अवैध निर्माण और नशे की सामग्री की बिक्री के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मोर्चों पर अभियान चलाया।
नगर निगम जोन 5 की टीम ने प्रोफेसर कॉलोनी सेक्टर-3, सुमेरु मठ के पास कुशालपुर रिंग रोड नंबर 1 स्थित इंडियन कॉफी हाउस के पीछे अनुमति के विपरीत निर्मित भवन के हिस्से को जेसीबी मशीन की मदद से तोड़ दिया। यह कार्रवाई नगर पालिक निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर की गई।
कार्रवाई के दौरान जोन 5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में सहायक अभियंता नागेश रामटेके और उपअभियंता टिकेन्द्र चंद्राकर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित निर्माण निर्धारित अनुमति के विपरीत किया गया था, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसी दौरान नगर निगम की टीम ने कुशालपुर क्षेत्र में शासकीय स्कूलों के आसपास संचालित पान ठेलों का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान गुटखा पाउच, सिगरेट पैकेट और अन्य नशे की सामग्रियां तत्काल जब्त की गईं।
निगम अधिकारियों ने पान ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में स्कूलों के पास इस प्रकार की सामग्री की बिक्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण और नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


