“रक्तदान, जीवनदान” का संदेश: एनटीपीसी सीपत में 76 यूनिट रक्त संग्रह
सीपत/बिलासपुर। सामाजिक सरोकार और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए एनटीपीसी लिमिटेड के एनटीपीसी सीपत परियोजना परिसर स्थित चिकित्सालय में शनिवार को भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष रूप से किया गया, जिसमें कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
शिविर का आयोजन एनटीपीसी सीपत के अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारी एसोसिएशन, एनटीपीसी अस्पताल एवं बिलासा ब्लड सेंटर, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल एवं संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती शिखा मंडल ने दीप प्रज्वलन कर किया।
“रक्तदान, जीवनदान” की भावना से ओत-प्रोत इस शिविर में कुल 76 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में कर्मचारियों के साथ उनके परिवारजनों ने भी इस पुनीत कार्य में भाग लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रमुख ने कहा कि रक्तदान एक महान दान है, जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं नागरिकों से समय-समय पर रक्तदान करने की अपील करते हुए इसे एक सतत सामाजिक अभियान बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक सुरोजित सिन्हा (प्रचालन एवं अनुरक्षण), विकास खरे (इंजीनियरिंग), अपर महाप्रबंधक अनुराग गौतम, मानव संसाधन विभागाध्यक्ष जयप्रकाश सत्यकाम तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनीश समन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि और संगवारी महिला समिति की सदस्याएं भी उपस्थित रहीं।
चिकित्सा टीम द्वारा रक्तदान की संपूर्ण प्रक्रिया को सुरक्षित, व्यवस्थित और मानकों के अनुरूप संपन्न कराया गया। साथ ही रक्तदाताओं को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस प्रकार के आयोजन न केवल सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होते हैं। एनटीपीसी सीपत द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम क्षेत्र में सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश कर रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


