कलेक्टर ने स्वयं भरी स्वगणना की जानकारी, नागरिकों से की ऑनलाइन भागीदारी की अपील
मुंगेली । आगामी जनगणना 2027 को सफल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने स्वयं स्वगणना (Self Enumeration) की ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत अपनी जानकारी भरकर नागरिकों को प्रेरित किया। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाकर जनगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाएं। कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में 01 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा। इसके पूर्व नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष स्वगणना ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस अवधि में नागरिक स्वयं अपने घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं तेज बनाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वगणना के दौरान दी गई सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय एवं सुरक्षित रखी जाएगी। नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। कलेक्टर ने आगे कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन की विभिन्न योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वगणना की ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


