वीआईपी रोड के करेंसी टावर में लिफ्ट में फंसी एसीएस ऋचा शर्मा, 20 मिनट तक रही परेशान

0
richa

रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में सोमवार सुबह एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया, जब छत्तीसगढ़ शासन की असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी ऋचा शर्मा करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं। लिफ्ट के अंदर रोशनी और वेंटिलेशन की कमी के चलते उनकी हालत बिगड़ गई और वे घबराहट का शिकार हो गईं।

जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 6:30 बजे की है, जब एसीएस ऋचा शर्मा करेंसी टावर स्थित जिम जाने के लिए लिफ्ट से ऊपर जा रही थीं। इसी दौरान लिफ्ट अचानक बीच में बंद हो गई। लिफ्ट के अंदर न पर्याप्त रोशनी थी और न ही हवा की समुचित व्यवस्था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

इमरजेंसी सिस्टम का अभाव, बढ़ी चिंता
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, लिफ्ट में कोई इमरजेंसी अलार्म या हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध नहीं था, जिससे तत्काल सहायता मिलना संभव नहीं हो पाया। करीब 20 मिनट तक फंसी रहने के दौरान अधिकारी को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मोबाइल से दी सूचना, मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि किसी तरह उन्होंने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद हड़कंप मच गया और राहत कार्य शुरू किया गया। इस दौरान उन्होंने राज्य के ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव को भी फोन कर करेंसी टावर में बिजली आपूर्ति और पावर बैकअप की स्थिति की जानकारी ली।

काफी मशक्कत के बाद निकाली गईं बाहर
काफी प्रयासों के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया, तब जाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। हालांकि बाहर आने के बाद भी उनकी स्थिति सामान्य होने में कुछ समय लगा।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार, करेंसी टावर में लिफ्ट फंसने की यह पहली घटना नहीं है। टावर की ऊपरी मंजिलों पर संचालित जिम और अन्य प्रतिष्ठानों में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं, इसके बावजूद लिफ्ट की खराब स्थिति को लेकर प्रबंधन द्वारा अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि लिफ्ट का पंखा लंबे समय से खराब है, जिससे अंदर फंसे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत होती है।

नियमों की अनदेखी उजागर
नियमों के अनुसार, ऐसे बड़े कॉम्प्लेक्स में पावर बैकअप, इमरजेंसी लाइट, अलार्म सिस्टम और हेल्पलाइन नंबर अनिवार्य होते हैं, लेकिन करेंसी टावर में इन बुनियादी सुविधाओं का अभाव सामने आया है।

स्थानीय दुकानदारों और जिम जाने वाले लोगों ने भी कई बार इस संबंध में शिकायत की, लेकिन अब तक सुधार नहीं किया गया। इस घटना के बाद एक बार फिर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!