जनदर्शन: कलेक्टर ने आमजनों से रूबरू होकर सुनी मांगें एवं समस्याएं।
मुंगेली । जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श कुन्दन कुमार ने आमजनों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में जिले के तीनों विकासखंड मुंगेली, पथरिया और लोरमी से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक पहुंचे, जहां 140 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से संवाद कर उनकी समस्याओं की वास्तविक स्थिति जानी और विभागवार अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है, इसलिए सभी प्रकरणों का समयबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए।
जनदर्शन में ग्राम बरइदहरा की पूजा यादव ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने की मांग रखते हुए बताया कि इसके अभाव में उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इसी तरह ग्राम भटगांव की रोशनी श्रीवास ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम सिलदहा के मनीष निर्मलकर ने पंचायत सचिव के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, ग्राम गस्तीकापा की रूमकी ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय स्वीकृति दिलाने, ग्राम बरदुली के हरिराम साहू ने अपनी पुत्री के आधार कार्ड में नाम में सुधार कराने, ग्राम चिल्फी के दिव्यांग सत्यनारायण जोशी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाने, ग्राम भठली की चन्द्रिका राजपूत ने अपने आधार कार्ड को पुनः एक्टिव कराने, ग्राम चारभाठा के दिग्विजय सिंह राजपूत ने अपनी जमीन का सीमांकन कराने की मांग की।
इसी प्रकार ग्राम लिम्हा की पूजा ने अपना आधार कार्ड बनवाने, ग्राम नारायणपुर के मयाराम साहू ने भूमि रिकार्ड में आनलाइन त्रुटि सुधार कराने, ग्राम बरेला के संतराम धुरी ने जमीन का नामांतरण कराने, ग्राम चंदखुरी के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने सहित अन्य आवेदकों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण कराने आश्वस्त किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


