NTPC World Environment Day

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, 3 की मौत के बाद 5 जिलों में इंटरनेट बंद

0
manipur-internet

इंफाल। मणिपुर में कुछ दिनों की शांति के बाद एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। बीते दिन उखरुल जिला में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पांच जिलों में एहतियातन तीन दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं।

सरकारी आदेश के मुताबिक इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में 25 अप्रैल दोपहर 2 बजे से अगले तीन दिनों तक इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लागू किया गया है। प्रशासन का कहना है कि भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

इधर राजधानी इंफाल में ‘कोऑर्डिनेटिंग कमिटी ऑन मणिपुर इंटीग्रिटी’ (COCOMI) द्वारा एक विशाल रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के आवास की ओर मार्च कर ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे और भीड़ को तितर-बितर किया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।

वहीं, उखरुल जिले के मुल्लम गांव के पास सुरक्षाबलों ने दो शव बरामद किए, जिन पर गोली के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा सिनाकेइथेई गांव में 29 वर्षीय एच जमांग की अज्ञात हमलावरों ने घात लगाकर हत्या कर दी। इन घटनाओं के बाद इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

घटनाक्रम को लेकर कुकी संगठनों ने आरोप लगाया है कि नगाओं द्वारा तड़के करीब 5:30 बजे उनके गांवों पर हमला किया गया, जिसमें कुछ लोगों की मौत और कई के घायल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!