NTPC World Environment Day

लापरवाही से ट्रेलर चलाकर 11 केवी लाइन के 6 खंभे तोड़े, चालक गिरफ्तार

0
IMG_20260430_084240_363

1.50 लाख की शासकीय संपत्ति को नुकसान, सरगांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मुंगेली/सरगांव । जिले के सरगांव थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना एक चालक को भारी पड़ गया। ट्रेलर चालक द्वारा विद्युत विभाग के 11 केवी लाइन के खंभों को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में करीब 1.50 लाख रुपये की शासकीय संपत्ति को नुकसान हुआ है।

खंभों और तारों को मारी टक्कर, बिजली आपूर्ति हुई बाधित

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 की शाम करीब 4 बजे ग्राम रामबोड़ चौक के पास ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 12 S/5847 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे लगे विद्युत विभाग के 11 केवी लाइन के करीब 6 पीसीसी खंभों और तारों को टक्कर मार दी। इस हादसे के चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और विभाग को लगभग 1.50 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।

विद्युत विभाग की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर के.के. नेताम ने थाना सरगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 324(5), मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और छत्तीसगढ़ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 139 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

फरार आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में सरगांव पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने घेराबंदी कर फरार आरोपी लालजी पाल (55 वर्ष), निवासी दीपका, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद वाहन जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

त्वरित सुधार से बहाल हुई बिजली व्यवस्था

घटना के बाद पुलिस और विद्युत विभाग के समन्वय से क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिली।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरे मामले में थाना सरगांव पुलिस की सक्रियता सराहनीय रही। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष शर्मा, प्रधान आरक्षक ज्वाला प्रसाद, आरक्षक सूरज धूरी, विश्वनाथ सिंह और सूर्यकांत धृतलहरे की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!