सुशासन तिहार 2026 से किसानों को मिल रहा वैज्ञानिक खेती का मार्गदर्शन
मिट्टी परीक्षण से खेती होगी लाभकारी, मानपुर के किसान लालजी यादव ने अपनाई नई तकनीक
उन्नत कृषि पद्धति से लागत घटाने और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में बढ़े कदम
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शासन की पहल से अब कृषि विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर किसानों को उन्नत खेती की तकनीकों और मृदा परीक्षण के प्रति जागरूक कर रही है।
सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मानपुर निवासी किसान लालजी यादव ने कृषि विभाग के मार्गदर्शन में अपनी भूमि की मिट्टी का परीक्षण कराया है। इससे अब उन्हें खेत की मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों की सही जानकारी मिल सकेगी और वे आवश्यकता अनुसार संतुलित मात्रा में खाद एवं उर्वरकों का उपयोग कर सकेंगे।
किसान लालजी यादव ने बताया कि पहले बिना जानकारी के खाद का उपयोग किया जाता था, जिससे लागत बढ़ती थी। अब मिट्टी परीक्षण के आधार पर खेती करने से कम लागत में बेहतर उत्पादन मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कृषि अधिकारी नियमित रूप से किसानों तक पहुंचकर वैज्ञानिक खेती की जानकारी दे रहे हैं, जिससे किसानों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से किसानों को सीधे गांव में ही आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाएं मिल रही हैं, जिससे खेती को लाभकारी बनाने में मदद मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिले में आयोजित शिविरों के माध्यम से किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, उन्नत कृषि तकनीक और संतुलित उर्वरक उपयोग के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। शासन का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना और कृषि को अधिक टिकाऊ एवं लाभकारी बनाना है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
