“ऑपरेशन तलाश” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों की धोखाधड़ी का फरार आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260507-WA0973

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहनों के रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राकेश कुमार नागवानी निवासी कृष्ण वाटिका, बोईसदादर रायगढ़ वाहन खरीदी-बिक्री का व्यवसाय करते हैं। वर्ष 2021 में उन्होंने विभिन्न फाइनेंस कंपनियों की नीलामी से करीब 50 वाहन, कार, ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन खरीदी थी। पुराने बीएस-4 मॉडल वाहनों का पुनः पंजीयन कराने के नाम पर आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू ने स्वयं को आरटीओ एजेंट बताकर संपर्क किया।

आरोपियों ने वाहन पंजीयन और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कराने का झांसा देकर व्यवसायी से अलग-अलग माध्यमों से लाखों रुपये लिए। बाद में कुछ वाहनों के दस्तावेज दिए गए, लेकिन जांच में पता चला कि वाहन प्रार्थी के नाम पर पंजीकृत ही नहीं किए गए थे, बल्कि अन्य लोगों के नाम पर दर्ज थे। आरटीओ कार्यालय से जानकारी लेने पर पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

NTPC World Environment Day

डीएसपी मुख्यालय रायगढ़ द्वारा मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी ने वाहन पंजीयन के नाम पर करीब 6 लाख 93 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। इसके आधार पर थाना चक्रधरनगर में 29 जुलाई 2025 को आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 331/2025 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शिकायत होने के बाद आरोपी ने रकम लौटाने के नाम पर दो चेक दिए थे। इनमें एक चेक बाउंस हो गया, जबकि दूसरे में गलत जानकारी दी गई थी। इससे यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से ठगी कर रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर जगदलपुर में दबिश दी और आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई को हिरासत में लिया।

पुलिस आरोपी को रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराधों और फरार आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!