सेतगंगा क्षेत्र में नवीन नहर निर्माण की मांग तेज, 25 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित

0
Screenshot_20260511_112831

मुंगेली/सेतगंगा। विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सेतगंगा क्षेत्र में नवीन नहर निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय भारतीय किसान संगठन ने अब खुलकर मोर्चा खोल दिया है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के अभाव में हर वर्ष रबी और खरीफ की फसलें प्रभावित हो रही हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि वे कई बार जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर जनदर्शन मुंगेली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हो पाई है।

किसानों के अनुसार सेतगंगा क्षेत्र की कृषि पूरी तरह वर्षा पर निर्भर है। पानी की कमी के चलते खेती की लागत बढ़ रही है और उत्पादन घटता जा रहा है। ऐसे में किसानों ने समीपवर्ती कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत कुबा खुर्द स्थित हाफ नदी पर बने कुबा डायवर्सन बांध का उदाहरण देते हुए कहा कि यह परियोजना वहां के किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख साधन बनी हुई है। यदि इसी प्रकार की नहर व्यवस्था सेतगंगा क्षेत्र में विकसित की जाए तो हजारों किसानों को सीधा लाभ मिल सकता है।

किसान संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में पानी पहुंचाने के लिए अब तक कोई पक्की नहर अथवा वितरक नाली उपलब्ध नहीं है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक उदासीनता के कारण कार्य में लगातार विलंब हो रहा है। किसानों का दावा है कि यदि नवीन नहर का निर्माण हो जाता है तो लगभग 40 से 50 गांवों की करीब 25 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी। इससे किसानों की आय में दोगुनी वृद्धि होने की संभावना है और क्षेत्र में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

इसी संबंध में गत दिवस कवर्धा स्थित जल संसाधन कार्यालय में किसान संगठन के पदाधिकारियों और अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान संगठन की ओर से मनोहर यादव, संजय सिंह परिहार, रोहित सागर, दीनबंधु चंद्राकर, नरेंद्र जायवाल, कलेश्वर साहू, बीर सिंह तथा यशवंत गबेल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। बैठक में मुंगेली और कवर्धा जिले के जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने किसानों को अवगत कराया कि बरसात के बाद नहर खुदाई का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित नहर परियोजना के माध्यम से मुंगेली जिले की लगभग 25 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। यह नहर महका, भूमियापारा, दुल्लापुर, बीजातराई होते हुए मुंगेली के समीप फंदवानी तक पहुंचेगी। वहीं सड़क के दायीं ओर सुकली, लालपुर, केसली, माराडबरी, तलवारपुर सहित अन्य गांवों तक भी पानी पहुंचाने की योजना बनाई गई है।

बताया गया कि हाल ही में मुंगेली क्षेत्र के विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी किसानों के साथ दोनों जिलों के जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से चर्चा की थी। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नहर निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है तथा आगामी बरसात के दौरान निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

किसानों ने उम्मीद जताई है कि यदि समय पर कार्य प्रारंभ हो जाता है तो आने वाले वर्षों में सेतगंगा क्षेत्र सिंचाई सुविधा से समृद्ध होकर कृषि उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान बना सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!